जयपुर: SKIT कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी, कैंपस खाली कराकर सर्च ऑपरेशन जारी
जयपुर। जगतपुरा स्थित स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट एंड ग्रामोत्थान (SKIT) कॉलेज में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्रबंधन को कॉलेज को बम से उड़ाने का धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ। ई-मेल में कैंपस के भीतर 19 RDX IED बम फिट करने और दोपहर 11:45 बजे विस्फोट करने की चेतावनी दी गई थी।
सुरक्षा एजेंसियों का कड़ा पहरा
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, दमकल विभाग और बम निरोधक दस्ता (BDDS) मौके पर पहुँचा। एहतियात के तौर पर तुरंत पूरे कॉलेज को खाली कराया गया और छात्रों व स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सुरक्षा एजेंसियां खोजी कुत्तों और आधुनिक उपकरणों की मदद से हर बिल्डिंग और संवेदनशील कोने की गहन जांच कर रही हैं।
ई-मेल में किया गया अजीबोगरीब दावा
'बालूचोटन टाइगर्स DMK IT विंग' के नाम से भेजे गए इस मेल में तमिलनाडु के पुलिस कांस्टेबलों के साथ हो रहे कथित दुर्व्यवहार और 1979 की यूनियन सिफारिशों को लागू करने की मांग की गई है। मेल में सुसाइड ऑपरेशन की भी धमकी दी गई है। हालांकि, पुलिस का मानना है कि यह किसी की शरारत या "हॉक्स मेल" (अफवाह) हो सकता है, क्योंकि पहले भी कई संस्थानों को इसी तरह के फर्जी मेल मिल चुके हैं। फिलहाल तकनीकी टीम ई-मेल के आईपी एड्रेस और भेजने वाले की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है।