भीलवाड़ा में अवैध गार्नेट और बजरी खनन पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 12 ट्रैक्टर व 11 सेपरेटर मशीनें जब्त
भीलवाड़ा। जिले में अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गार्नेट कारोबार का भंडाफोड़ किया है। आईपीएस (प्रोबेशनर) माधव उपाध्याय के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से बजरी और गार्नेट माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
कोटड़ी क्षेत्र के हरपुरा और रीठ में दबिश
आईपीएस माधव उपाध्याय ने बताया कि कोटड़ी थाना क्षेत्र के हरपुरा और रीठ इलाकों में लंबे समय से अवैध गार्नेट खनन की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए विशेष टीमों का गठन किया गया और चिन्हित स्थानों पर अचानक दबिश दी गई।
भारी मात्रा में मशीनरी और वाहन जब्त
पुलिस टीम ने मौके से अवैध खनन में प्रयुक्त हो रहे 12 ट्रैक्टर और 11 सेपरेटर मशीनें जब्त की हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध गार्नेट के कारोबार में लिप्त दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए सभी वाहनों और मशीनों को कोटड़ी थाने लाकर खड़ा करवाया गया है।
माइनिंग विभाग को सौंपी रिपोर्ट
आईपीएस उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि पुलिस की यह मुस्तैदी आगे भी जारी रहेगी और अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की सूचना माइनिंग विभाग को दे दी है, जिसके बाद विभाग द्वारा जुर्माना और अन्य वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।