तिलस्वां महादेव मंदिर ट्रस्ट कार्यालय में हंगामा, सचिव से धक्का-मुक्की और गाली-गलौच; थाने में रिपोर्ट दर्ज
तिलस्वां (हलचल)। क्षेत्र के प्रसिद्ध तिलस्वां महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि मेले के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ लोगों ने मंदिर ट्रस्ट कार्यालय में घुसकर हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि इन लोगों ने न केवल ट्रस्ट सचिव के साथ गाली-गलौच की, बल्कि उन्हें धक्का-मुक्की कर कार्यालय से बाहर धकेल दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, महाशिवरात्रि मेले को लेकर मंदिर में श्रद्धालुओं का भारी तांता लगा हुआ था। इसी बीच मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश और सचिव मांगीलाल धाकड़ ने बिजौलियां थाने में एक लिखित रिपोर्ट पेश की है। रिपोर्ट में बताया गया कि 15 फरवरी को दोपहर करीब 1 बजे, मेले के पहले ही दिन रणजीत अहीर, भवानीशंकर व अन्य साथियों ने जबरन ट्रस्ट कार्यालय में प्रवेश किया।
आरोप है कि इन लोगों ने सचिव मांगीलाल धाकड़ पर बेबुनियाद और गंभीर आरोप लगाते हुए उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर आरोपियों ने धाकड़ का हाथ पकड़कर उन्हें जबरन कार्यालय से बाहर खींच दिया। सचिव ने आरोप लगाया कि ये लोग मंदिर की व्यवस्थाओं में जानबूझकर बाधा डाल रहे हैं।
उच्चाधिकारियों को भेजी शिकायत:
सचिव धाकड़ ने बताया कि इन लोगों द्वारा पूर्व में भी कार्यालय में हंगामा कर कार्य में व्यवधान डाला गया था। इस घटना के बाद पुलिस थाने के साथ-साथ उपखंड अधिकारी (SDM), मेला मजिस्ट्रेट और तहसीलदार को भी लिखित शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।