वेलेंटाइन डे का विरोध: शिवसेना ने डंडों को पिलाया तेल, कहा- अश्लीलता मिली तो मौके पर कराएंगे शादी

Update: 2026-02-13 15:30 GMT


ग्वालियर/क्षेत्रीय। आगामी 14 फरवरी को मनाए जाने वाले वेलेंटाइन डे को लेकर शिवसेना ने कड़ा विरोध दर्ज कराने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। विरोध के पहले चरण में शिवसैनिकों ने पहलवान बाबा मंदिर पहुंचकर लाठी-डंडों का विधिवत पूजन किया और उन्हें तेल पिलाकर अपनी रणनीति स्पष्ट की।

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ डंडों का पूजन

मंदिर में पुजारी पुरोहित संघ अध्यक्ष पं. शिवप्रसाद तिवारी, आचार्य शुभम शास्त्री और डॉ. रामचंद शर्मा की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ डंडों की पूजा की गई। इसके साथ ही शहर के पार्कों, होटलों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर विरोध प्रदर्शन के पोस्टर भी चिपकाए गए हैं।

पाश्चात्य सभ्यता का विरोध और शादी की चेतावनी

शिवसेना उप राज्य प्रमुख पप्पू तिवारी ने कहा कि वेलेंटाइन डे भारतीय संस्कृति का हिस्सा नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 14 फरवरी को कोई भी प्रेमी युगल सार्वजनिक स्थानों पर अश्लीलता फैलाते हुए पकड़ा गया, तो शिवसैनिक मौके पर ही उनकी शादी करवा देंगे।

साथ चलेगी पंडितों की टीम और विवाह सामग्री

शिवसेना जिला प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि इस बार संगठन ने विशेष तैयारी की है:

पंडितों की टीम: विरोध प्रदर्शन के दौरान शिवसेना के साथ पंडितों की एक टीम चलेगी।

विवाह सामग्री: टीम के पास सिंदूर, मंगलसूत्र और विवाह की अन्य जरूरी सामग्री भी मौजूद रहेगी।

सख्त निगरानी: शहर के उद्यानों और एकांत स्थलों पर शिवसैनिकों की टोलियां तैनात रहेंगी।

इस दौरान शिवशंकर दुबे, पंकज दुबे, धर्मेंद्र यादव, सचिन जैन और बसंत भदौरिया सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.

Similar News

राजस्थान पुलिस में बड़ा प्रशासनिक भूचाल: ! इंस्पेक्टर की कमी, अब SI संभालेंगे थाने