जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क सुरक्षा व यातायात सुधार को लेकर लिये कई अहम निर्णय
भीलवाड़ा। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सोमवार को जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता संदीप झंवर ने पिछली बैठक की अनुपालना रिपोर्ट प्रस्तुत की।
जिला कलक्टर ने शहर के गंगापुर चौराहा/मिलन चौराहे पर ट्रैफिक लाइट को सुचारू रूप से चालू करने, गंगापुर चौराहे से यातायात कार्यालय तक डिवाइडर निर्माण तथा प्रमुख सड़कों और चौराहों पर जेब्रा क्रॉसिंग और सड़क मार्किंग कार्य कराने के लिए नगर विकास न्यास और नगर निगम को निर्देश दिए।
गुड सेमेरिटन योजना पर जोर
गुड सेमेरिटन योजना के तहत अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और जिला परिवहन अधिकारी को योजना का प्रचार-प्रसार टोल गेट, भीड़भाड़ वाले चौराहों और होटलों पर करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नई पुरस्कार राशि के अंतर्गत गुड सेमेरिटन को प्रेरित करने के लिए बैनर आदि की व्यवस्था करने को कहा गया।
छात्र-छात्राओं को दी जाएगी सड़क सुरक्षा की जानकारी
ट्रैफिक पार्क में जिले के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए।
सड़क सुधार और यातायात व्यवस्था पर फोकस
IRAD पोर्टल पर दर्ज प्रविष्टियों का समय पर निस्तारण करने, दीपावली से पूर्व शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों व चौराहों की सफाई, झाड़ियों की कटिंग और रंगाई-पुताई कराने के आदेश भी संबंधित विभागों को दिए गए।
शहर में नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने पर चालान की कार्यवाही करने और पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए। खनिज क्षेत्रों में चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने और टोल बूथ पर भी रिफ्लेक्टर टेप लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही रात्रि में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सड़कों पर घूम रहे निराश्रित पशुओं को हटाने और उनके सिंगों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाने के निर्देश भी जारी किए गए।
अवैध वाहनों पर होगी सख्त कार्यवाही
परिवहन विभाग और यातायात पुलिस को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर सख्त कार्यवाही करने को कहा गया। साथ ही, अवैध वाहनों को जब्त करने और इसके लिए हाईड्रोलिक क्रेन की स्थायी व्यवस्था हेतु नगर निगम व नगर विकास न्यास को निर्देशित किया गया।
ब्लैक स्पॉट सुधार पर विशेष ध्यान
एनएच और शहरी क्षेत्र में चिन्हित ब्लैक स्पॉट जैसे कोटड़ी चौराहा, पुर, धूलखेड़ा आदि के स्थायी और अस्थायी सुधार कार्यों को शीघ्र पूरा कर सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही, शहर के शेष चौराहों पर सूचना बोर्ड लगाने और सड़क लाइनिंग कार्य सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए गए।
ई-बस संचालन और अतिक्रमण हटाने के निर्देश
एनएच-148 डी पर अंटाली गांव के पास जलभराव की समस्या के समाधान के लिए एनएच विभाग को निर्देश दिए गए। साथ ही, ई-बस संचालन के लिए बस स्टैंड के निर्माण और रूट निर्धारण हेतु नगर निगम को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा गया।
सर्किट हाउस के पास अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों और निजी बसों पर कार्यवाही कर उन्हें बस स्टैंड में स्थान मिलने तक चालान करने के निर्देश दिए गए ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
