श्री जोगणिया माता दरबार में पारंपरिक गेर नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति, हजारों श्रद्धालु रहे मौजूद
लाडपुरा ( शिव लाल जांगिड़ ) क्षेत्र स्थित श्री जोगणिया माता शक्तिपीठ में चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर भक्तिमय वातावरण के बीच गेर नृत्य का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर मां के दरबार में अपनी आस्था प्रकट की।
मां जोगणिया के अनन्य भक्त सोमनाथ गुर्जर ने आसपास के गांवों के लोगों को संगठित कर माता के दरबार में पहुंचकर गेर (खेल) की शानदार प्रस्तुति दी। उनकी अगुवाई में आए कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में ढोल-नगाड़ों की धुन पर मनमोहक नृत्य कर सभी का मन मोह लिया।
इस गेर नृत्य कार्यक्रम में सोनाथ गुर्जर, केलु जी गुर्जर, ईश्वर गुर्जर एवं राजू गुर्जर (गांव गराडिया) सहित गांव बीड़ा का खेड़ा से पथिक सेना संगठन जिलाध्यक्ष भीलवाड़ा भोमराज गुर्जर के नेतृत्व में टीम ने प्रस्तुति दी। इनके साथ सुखदेव गुर्जर, हीरालाल गुर्जर, नारायण गुर्जर, सुवा लाल गुर्जर, रामलाल गुर्जर एवं हरदेव गुर्जर भी शामिल रहे।
इसके अलावा गांव मालास से नारायण जी गुर्जर तथा गांव पिता का खेड़ा से छितर गुर्जर सहित अनेक श्रद्धालु कार्यक्रम में उपस्थित हुए।
इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन राजस्थानी संस्कृति को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे मोबाइल और आधुनिक व्यस्तताओं के बीच अपनी परंपराओं को न भूलें, बल्कि लोक संस्कृति, लोक नृत्य और रीति-रिवाजों को आगे बढ़ाने में योगदान दें। साथ ही उन्होंने लुप्त होती सांस्कृतिक परंपराओं को पुनर्जीवित करने के लिए सभी से सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान गेर नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा और मां के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
