पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत नंदघर पर पोषण कार्यक्रम आयोजित
भीलवाड़ा। महिला एवं बाल विकास विभाग, अनिल अग्रवाल फाउंडेशन एवं अर्पण सेवा संस्थान के तत्वावधान में आंगनबाड़ी नंदघर ककरोलिया माफी (सेक्टर कोटड़ी) पर पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत पोषण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की गर्भवती एवं धात्री माताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम में अर्पण सेवा संस्थान से क्लस्टर सुपरवाइजर दिनेश चंद्र जोशी ने माताओं को पोषाहार को अधिक स्वादिष्ट और पौष्टिक बनाने के विविध उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हरी मिर्च, हरी पत्तेदार सब्जियाँ, टमाटर, लौकी, पालक, विभिन्न प्रकार की दालें, मूँगफली और आंगनबाड़ी से मिलने वाले पोषाहार का समुचित उपयोग कर स्वादिष्ट और स्वास्थ्यवर्धक व्यंजन तैयार किए जा सकते हैं। इससे बच्चों में कुपोषण की समस्या को कम किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान छह माह पूर्ण कर चुके बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी सम्पन्न किया गया। साथ ही गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली माताओं को शिशु के छह माह तक केवल स्तनपान कराने की सलाह दी गई। आंगनबाड़ी से मिलने वाले पोषाहार से विविध व्यंजन जैसे राब, उपमा, मीठी पकौड़ी, दलिया, मिक्स खिचड़ी एवं लापसी बनाकर प्रदर्शित किए गए।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गिरिजा ओजा, आशा कार्यकर्ता सुमन ओझा, सहायिकाएं एवं क्षेत्र की अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने अर्पण सेवा संस्थान द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की।