कीर खेड़ा और काली मगरी में जर्जर सड़कों से मिली राहत, नई सीसी रोड से बदला क्षेत्र का स्वरूप
भीलवाड़ा, । नगर निगम भीलवाड़ा के वार्ड नंबर 56 अंतर्गत कीर खेड़ा सिंदरी के बालाजी से लेकर सांगानेर गौशाला होते हुए काली मगरी तक लंबे समय से खराब पड़ी सड़कों की समस्या का समाधान आखिरकार हो गया है। दोनों स्थानों पर नई सीसी सड़कों के निर्माण से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है और अब आवागमन पहले से कहीं अधिक सुगम हो गया है।
स्थानीय नागरिकों ने कुछ समय पहले विधायक कार्यालय पहुंचकर खराब सड़कों के कारण हो रही परेशानियों से अवगत कराया था। इस पर विधायक अशोक कोठारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत प्रस्ताव भिजवाया। बाद में बजट घोषणा के अंतर्गत मिसिंग लिंक योजना में इन सड़कों के निर्माण की स्वीकृति दिलवाई गई।
स्वीकृति मिलने के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग ने दोनों मार्गों पर नई सीसी सड़क का निर्माण कराया। इससे न केवल लोगों को रोजमर्रा की आवाजाही में राहत मिली है, बल्कि क्षेत्र का स्वरूप भी बदल गया है। लोगों का कहना है कि वर्षों से सड़कें खराब होने के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, खासकर बारिश के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती थी।
विशेष रूप से काली मगरी स्थित गौशाला तक पहुंचने में पहले काफी परेशानी होती थी। यहां बीमार गौवंश के इलाज के लिए रोजाना एंबुलेंस और अन्य वाहनों का आना जाना रहता है, लेकिन सड़क खराब होने के कारण समय पर पहुंचना मुश्किल हो जाता था। अब नई सड़क बनने से यह समस्या भी समाप्त हो गई है और इलाज से जुड़ी सेवाएं तेजी से उपलब्ध हो पा रही हैं।
क्षेत्रवासियों ने सड़कों के निर्माण को लेकर विधायक अशोक कोठारी के प्रति आभार जताया और कहा कि यह कार्य उनके इलाके के लिए बेहद उपयोगी साबित हुआ है। लोगों का मानना है कि इससे न केवल सुविधा बढ़ी है बल्कि विकास को भी नई गति मिली है।
