भीलवाड़ा पुनीत। मंगरोप थाना क्षेत्र के सियार गांव में खेत में घुसी नीलगाय को भगाते समय एक किसान की कुएं में गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मंगरोप थाने के एएसआई नारायणलाल ने बताया कि सियार निवासी शंकरलाल (55) पुत्र बगतावरलाल जाट शनिवार रात करीब 10 बजे अपने खेत में फसल की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान खेत में घुसी नीलगाय को भगाने के प्रयास में वे खेत में बने कुएं में गिर गए।
शंकरलाल की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें कुएं से बाहर निकाला। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर रविवार को मंगरोप थाना पुलिस जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंची और परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवाकर शव सौंप दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।