गौ सम्मान आव्हान अभियान को साध्वी देवगिरी महाराज का आशीर्वाद, गौ संरक्षण का दिया संदेश

Update: 2026-02-08 13:15 GMT

भीलवाड़ा। जिले के हमीरगढ़ रेलवे स्टेशन के निकट स्थित छो बावड़ी सगस धाम परिसर में गौ माता के सम्मान, संरक्षण एवं गौ सेवा को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से संचालित गौ सम्मान आव्हान अभियान के अंतर्गत अभियान से जुड़े पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने साध्वी देवगिरी महाराज से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर साध्वी देवगिरी महाराज को शॉल ओढ़ाकर विधिवत सम्मानित किया गया तथा अभियान के लिए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया।

भेंट के दौरान गौ माता के महत्व, सनातन संस्कृति में गौ सेवा की भूमिका तथा समाज में बढ़ती संवेदनशीलता की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की गई। साध्वी देवगिरी महाराज ने गौ सम्मान आव्हान अभियान की सराहना करते हुए कहा कि गौ माता केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण के बिना सामाजिक संतुलन की कल्पना अधूरी है और ऐसे अभियानों से समाज में सकारात्मक चेतना का संचार होता है।

साध्वी देवगिरी महाराज ने अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं को निरंतर गौ सेवा, गौ संरक्षण एवं जन-जागरूकता के लिए कार्य करने का आशीर्वाद दिया तथा युवाओं को इस अभियान से जोड़ने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि संगठित प्रयासों से ही गौ माता के सम्मान और सुरक्षा को स्थायी रूप प्रदान किया जा सकता है।

इस अवसर पर राष्ट्रीय गौ रक्षा वाहिनी गौ सेवा संघ के जिला अध्यक्ष नानूराम तेली, जिला उपाध्यक्ष प्रभुलाल लोहार, विधि सलाहकार प्रताप तेली, संगठन मंत्री देवेंद्र वैष्णव, जिला प्रवक्ता रामस्वरूप तेली, हमीरगढ़ तहसील अध्यक्ष आसाराम गुर्जर, राजू तेली ज्ञानगढ़ सहित गौ भक्त नारायण लाल तेली, जगदीश तेली एवं मोटरों का खेड़ा सरपंच हिम्मत सिंह चावला सहित कार्यकारिणी के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पदाधिकारियों ने गौ सम्मान आव्हान अभियान को और अधिक व्यापक स्तर पर चलाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को इससे जोड़ने का संकल्प लिया।

Similar News