सेवा का महाकुंभ: भीलवाड़ा में तीन दिन तक दिव्यांगों के लिए खुलेगा राहत और पुनर्वास का विशाल शिविर

Update: 2026-02-10 10:32 GMT

 भीलवाड़ा। मानव सेवा और परोपकार के संकल्प के साथ वस्त्र नगरी में गुरुवार से दिव्यांगजनों के लिए एक ऐतिहासिक सेवा अभियान शुरू होने जा रहा है। भारत विकास परिषद स्वामी विवेकानंद शाखा और श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में 56वां नि शुल्क विशाल कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण एवं दिव्यांग उपकरण वितरण शिविर काशीपुरी वकील कॉलोनी स्थित माहेश्वरी भवन में आयोजित किया जाएगा। यह तीन दिवसीय शिविर स्वर्गीय मनीष काबरा की द्वितीय पुण्यतिथि की स्मृति में समर्पित रहेगा।

आयोजकों के अनुसार शिविर की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निर्माण सामग्री और विशेष मोबाइल वैन मौके पर पहुंच चुकी हैं। इस शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह रहेगी कि दिव्यांगों को केवल उपकरण वितरित नहीं किए जाएंगे बल्कि विशेषज्ञ डॉक्टरों और तकनीकी टीम द्वारा मौके पर ही माप लेकर कृत्रिम हाथ पांव और अन्य उपकरण तैयार कर फिटिंग की जाएगी। इससे दूर दराज से आने वाले जरूरतमंदों को बार बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और उन्हें तुरंत राहत मिल सकेगी।

गुरुवार सुबह 10 बजकर 15 मिनट पर शिविर का शुभारंभ जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू करेंगे। इस दौरान उदासीन आश्रम के महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन का आशीर्वचन प्राप्त होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में समाजसेवी पंकज ओस्तवाल, डॉ राजेश भांकड़, कैलाश कोठारी और अशोक बुरड़ शामिल होंगे। शुक्रवार को जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव शिविर स्थल का अवलोकन करेंगे और व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।

तीन दिवसीय सेवा अभियान का समापन 14 फरवरी को दोपहर 3 बजे होगा। समापन समारोह के मुख्य अतिथि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत और सांसद दामोदर अग्रवाल रहेंगे। इस अवसर पर विधायक अशोक कोठारी, सीएमएचओ डॉ संजीव शर्मा और एमजीएच अधीक्षक डॉ अरुण गौड़ भी मौजूद रहेंगे।

भारत विकास परिषद के अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल, सचिव के जी सोनी और वित्त सचिव आदित्य मानसिंहका ने बताया कि शिविर में जयपुर फुट, कृत्रिम हाथ, ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, कैलिपर्स, श्रवण यंत्र, दृष्टिबाधितों के लिए इलेक्ट्रॉनिक छड़ी तथा दंत चिकित्सा जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि जिन लोगों ने पूर्व में पंजीयन नहीं कराया है वे भी सीधे शिविर स्थल पर पहुंचकर इस अभूतपूर्व सेवा का लाभ उठाएं।

Similar News