घुमंतू समाज के युवाओं का शक्ति प्रदर्शन: 13 फरवरी को भीलवाड़ा में होगा विशाल युवा सम्मेलन
भीलवाड़ा। घुमंतू समाज के युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने, सामाजिक चेतना बढ़ाने और भविष्य की दिशा तय करने के उद्देश्य से भीलवाड़ा में 13 फरवरी को एक वृहद युवा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। घुमंतू जाति उत्थान न्यास भीलवाड़ा चित्तौड़ प्रांत के तत्वावधान में होने वाला यह आयोजन नगर निगम स्थित महाराणा प्रताप सभागार में दोपहर 1 बजे से शुरू होगा।
न्यास के पदाधिकारियों ने बताया कि यह सम्मेलन केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज के युवाओं के लिए वैचारिक मंथन और मार्गदर्शन का मंच बनेगा। इसमें शिक्षा, रोजगार, सामाजिक अधिकार, आत्मनिर्भरता और संगठन की भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को समाज की समस्याओं से अवगत कराना और उनके समाधान के लिए प्रेरित करना है ताकि वे अपने समुदाय के साथ साथ राष्ट्र निर्माण में भी प्रभावी भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अखिल भारतीय घुमंतू कार्य प्रमुख दुर्गादास रहेंगे। वे युवाओं को समाज के गौरवशाली इतिहास, वर्तमान चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं के बीच संतुलन स्थापित करने का मार्गदर्शन देंगे। आयोजकों का कहना है कि सम्मेलन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और जिले भर से बड़ी संख्या में युवाओं के पहुंचने की संभावना है।
सम्मेलन के बाद सभी आगंतुकों के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था भी रखी गई है। न्यास की ओर से समाज के युवाओं, प्रबुद्धजनों और वरिष्ठजनों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई है ताकि सामूहिक चिंतन से समाज को नई दिशा दी जा सके।