रिश्वतखोर पटवारी सस्पेंड: लेआउट पास करने के नाम पर मांगे 15 लाख, रिकॉर्डिंग ने खोली पोल
भीलवाड़ा। शहर के यूआईटी (नगर विकास न्यास) में भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक पटवारी ने लेआउट प्लान पास करने की एवज में लाखों की रिश्वत डकार ली। मामला काणोली खेड़ा स्थित एक निजी कॉलोनी के खसरा नंबर 950/66 की भूमि से जुड़ा है। आरोपित पटवारी मानवेंद्र सिंह राठौड़ ने महिला परिवादी से पहले 3 लाख 20 हजार रुपए वसूले और फिर 12.50 लाख रुपए की और डिमांड कर दी। शिकायत और सबूतों के आधार पर कलेक्टर जसमीत सिंह ने पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
**कमरे पर बुलाकर लिए रुपए, फिर दी फाइल रोकने की धमकी**
महिला परिवादी ने आरोप लगाया कि पटवारी मानवेंद्र सिंह ने उसे अपने कमरे पर बुलाया और 3.20 लाख रुपए यह कहकर लिए कि इन्हें यूआईटी में सरकारी मद में जमा किया जाएगा। जब महिला ने रसीद मांगी तो पटवारी मुकर गया। इतना ही नहीं, उसने फाइल आगे बढ़ाने के लिए 12.50 लाख रुपए की अतिरिक्त मांग रख दी और पैसे न देने पर काम रोकने की धमकी दी।
**ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग बनी गले की फांस**
पटवारी की मनमानी से परेशान होकर महिला ने रिश्वत के लेन-देन और धमकी के पूरे घटनाक्रम को रिकॉर्ड कर लिया। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए यह रिकॉर्डिंग भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के एएसपी और यूआईटी सचिव को सौंप दी। शिकायत की प्रारंभिक जांच में मामला सही पाए जाने पर यूआईटी चेयरमैन व कलेक्टर ने पटवारी को सस्पेंड कर उसका मुख्यालय कलेक्ट्रेट कर दिया। पटवारी के पास नगर निगम का भी अतिरिक्त चार्ज था।
**एसीबी के डर से लौटाए पैसे, घंटों बाहर बिठाकर किया परेशान**
शिकायत दर्ज होने और एसीबी की कार्रवाई की आहट मिलते ही पटवारी के हाथ-पांव फूल गए। उसने महिला को तीन दिनों तक चक्कर कटवाए और रात 9-9 बजे तक अपने कमरे के बाहर बिठाकर प्रताड़ित किया। अंततः एसीबी के डर से उसने 3 लाख रुपए लौटा दिए, लेकिन साथ ही किसी को जानकारी न देने की धमकी भी दी। अब पटवारी के खिलाफ धारा 16 सीसीए के तहत विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई है।
**भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:**
**समाचार:** प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
**विज्ञापन:** विजय गढवाल 6377364129
**संपर्क कार्यालय:** भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
