महंत मोहन शरण शास्त्री के सानिध्य में सामूहिक विवाह सम्मेलन का भव्य आगाज़, पोस्टर विमोचन के साथ माहेश्वरी युवा संगठन को सौंपी जिम्मेदारी

Update: 2026-04-09 14:26 GMT

 भीलवाड़ा हलचल। शहर में आगामी 19 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाले भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों ने अब गति पकड़ ली है। गुरुवार को गांधी नगर स्थित श्री निंबार्क आश्रम में पूज्य महंत मोहन शरण शास्त्री के सानिध्य में महत्वपूर्ण बैठक एवं पोस्टर विमोचन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान आयोजन की सफलता के लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।

युवा संगठन को मिली व्यवस्थाओं की कमान

बैठक में महंत मोहन शरण शास्त्री ने दक्षिणी प्रादेशिक माहेश्वरी युवा संगठन को आगामी 19 अप्रैल को होने वाले मुख्य आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए आमंत्रित करते हुए महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक विवाह सम्मेलन के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष राघव कोठारी ने युवा संगठन की ओर से आश्वस्त किया कि सभी कार्यकर्ता पूर्ण समर्पण और अनुशासन के साथ इस पुनीत कार्य को सफल बनाने में जुटेंगे।

शोभायात्रा और भजन संध्या पर हुई विस्तृत चर्चा

आयोजन समिति ने बैठक में शोभायात्रा, भजन कार्यक्रम, स्वागत व्यवस्था, पंजीयन, मंच संचालन और अतिथि समन्वय सहित समस्त बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। महंत मोहन शरण शास्त्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन समाज में समरसता, सादगी और सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिसे सफल बनाना हम सभी का साझा दायित्व है।

प्रमुख जनों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में मुख्य यजमान राकेश शर्मा मौजूद रहे। इस अवसर पर नीलम शर्मा, कैलाश अरोड़ा, ओम सेन, गोपाल शर्मा, पूर्व प्रदेश महामंत्री जगदीश लड्डा, रमेश मूंदड़ा, प्रमोद डाड, आशीष झवर, जय बांगड़, रवि सोडाणी, राघव पाराशर और ललित देवनानी सहित समिति के अनेक सदस्य एवं समाज के प्रतिष्ठित व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर सेवा और सामाजिक एकता के संकल्प के साथ आयोजन को ऐतिहासिक बनाने की बात कही।

Similar News