पुर के पहलवानों का धमाका:: राज्य स्तरीय कुश्ती में जीते 9 गोल्ड सहित 18 पदक, भीलवाड़ा बना जनरल चैंपियन
भीलवाड़ा हलचल। जयपुर में आयोजित राजस्थान राज्य स्तरीय अंडर-17 और अंडर-20 कुश्ती प्रतियोगिता में शिव व्यायाम शाला, पुर के पहलवानों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। व्यायाम शाला के पहलवानों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए कुल 18 पदक अपने नाम किए, जिनमें 9 गोल्ड और 3 सिल्वर मेडल शामिल हैं। इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत भीलवाड़ा जिले ने सभी 6 वर्गों में जनरल चैंपियनशिप जीतकर पूरे राजस्थान में परचम लहराया है।
अंडर-20 वर्ग: रिकी, सागर और कविता ने जीता सोना
कुश्ती कोच कल्याण विश्नोई ने बताया कि अंडर-20 आयु वर्ग में रीकी विश्नोई (57 किलो फ्रीस्टाइल), सागर बिश्नोई (65 किलो फ्रीस्टाइल), रोहित प्रजापत (72 किलो ग्रीको रोमन), सिद्धार्थ विश्नोई (87 किलो ग्रीको रोमन) और कुणाल आचार्य (97 किलो ग्रीको रोमन) ने स्वर्ण पदक जीते। महिला वर्ग में कविता माली (57 किलो) ने गोल्ड मेडल हासिल किया। वहीं, अंजलि बिश्नोई ने सिल्वर और कुणाल विश्नोई ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर जिले का मान बढ़ाया।
अंडर-17 वर्ग: हंसा, सागर और कृतेश का स्वर्णिम प्रदर्शन
अंडर-17 आयु वर्ग में हंसा विश्नोई (43 किलो), सागर विश्नोई (65 किलो फ्रीस्टाइल) और कृतेश जाट (92 किलो ग्रीको रोमन) ने गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। इसके अलावा लक्की विश्नोई और परीक्षित विश्नोई ने सिल्वर मेडल जीते। नमन विश्नोई, नरेंद्र विश्नोई, यशवंत विश्नोई, अंजलि विश्नोई और स्वेच्छा विश्नोई ने अपनी-अपनी स्पर्धाओं में ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त किए।
छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्तर पर करेंगे राजस्थान का प्रतिनिधित्व
गोल्ड मेडल विजेता सभी पहलवान आगामी 10 से 12 अप्रैल तक दुर्ग (छत्तीसगढ़) में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय जूनियर कुश्ती प्रतियोगिता में राजस्थान की ओर से दमखम दिखाएंगे।