वॉट्सऐप हुआ साइबर अपराधियों का निशाना, यूजर्स सुरक्षा के लिए अपनाएं ये तीन सेटिंग्स
भीलवाड़ा। संवाद का सबसे सुलभ साधन माने जाने वाला वॉट्सऐप आजकल साइबर अपराधियों के लिए सबसे घातक हथियार बन गया है। जिसे हम अपनों से जुड़ने का माध्यम समझते थे, अब वही प्लेटफॉर्म डिजिटल अपराधियों के हाथों में खतरनाक उपकरण बन गया है।
हाल ही में वॉट्सऐप ने यूपीआई भुगतान, वीडियो कॉल और कम्युनिटी ग्रुप जैसे फीचर्स जारी किए, जिससे समन्वय बढ़ा लेकिन सुरक्षा की अनदेखी से जिले में रोजाना दर्जनों लोग अपनी प्रतिष्ठा और पैसा दोनों गंवा रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार हैकर्स वॉट्सऐप की तकनीक नहीं बल्कि मानवीय व्यवहार का फायदा उठा रहे हैं।
हैकर सबसे पहले किसी एक व्यक्ति का वॉट्सऐप हैक करता है। फिर उस व्यक्ति के भरोसे का फायदा उठाकर उसके संपर्कों को शादी का निमंत्रण या नौकरी जैसी फाइलें भेजते हैं और पैसे मांगने लगते हैं। यूजर सोचता है कि संदेश किसी अपने ने भेजा है और इसी जाल में फंस जाता है।
फाइल इंस्टॉल होते ही फोन में वायरस सक्रिय हो जाता है, जो वॉट्सऐप का पूरा नियंत्रण हैकर को दे देता है। कई मामलों में स्क्रीन शेयरिंग एप्स या फर्जी क्यूआर कोड के जरिए भी खाते को दूसरे उपकरणों पर जोड़ा जा सकता है।
सुरक्षा के लिए अपनाएं ये तीन सेटिंग्स
1. टू स्टेप वेरिफिकेशन सक्रिय करें: वॉट्सऐप सेटिंग्स में जाकर छह अंकों का पिन बनाएं। यह सिम कार्ड चोरी या क्लोन होने पर भी किसी को आपके खाते तक पहुंचने नहीं देगा।
2. अज्ञात एपीके फाइलें न खोलें: वॉट्सऐप पर किसी भी फाइल को डाउनलोड न करें, खासकर जिनके अंत में `.apk` लिखा हो। ये फाइल्स आपके फोन की जासूसी कर सकती हैं।
3. लिंक्ड डिवाइसेस जांचें: वॉट्सऐप सेटिंग्स में “लिंक्ड डिवाइसेस” नियमित रूप से चेक करें। यदि कोई अनजान कंप्यूटर या ब्राउजर दिखाई दे तो उसे तुरंत लॉग आउट कर दें।
इन आसान कदमों को अपनाकर वॉट्सऐप उपयोगकर्ता अपनी गोपनीयता और पैसे की सुरक्षा कर सकते हैं।
भीलवाडा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए समाचार प्रेम कुमार गढवाल Email - [bhilwarahalchal@gmail.com](mailto:bhilwarahalchal@gmail.com) व्हाट्सएप - 9829041455 विज्ञापन - विजय गढवाल 6377364129 सम्पर्क - भीलवाडा हलचल कलेक्ट्री रोड,नई शाम की सब्जी मंडी भीलवाडा
