आकोला बालाजी धाम में 15 फरवरी से श्री रामकृष्ण कल्की शक्ति महायज्ञ शुरू

Update: 2026-02-15 08:08 GMT

आकोला  |पुरावतों के आकोला बालाजी महाराज धाम में 15 फरवरी से 21 फरवरी 2026 तक श्री रामकृष्ण कल्की शक्ति महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह प्राचीन धाम वर्षों से श्रद्धा का केंद्र रहा है। मंदिर का जीर्णोद्धार और विकास कार्य वर्ष 2009 से परम पूज्य गुरुदेव पंडित मदन शर्मा साहब के सान्निध्य में प्रारंभ हुआ। उनकी प्रेरणा से अखंड रामायण पाठ की स्थापना की गई और सन 2010 से श्री राम महायज्ञ पाटोत्सव, दशांश यज्ञ व हवन की परंपरा शुरू हुई।

गुरुदेव पंडित मदन शर्मा की भावना रही कि प्रत्येक परिवार में प्रभु श्रीराम और प्रभु हनुमान के प्रति भक्ति जागृत हो, जिससे भक्तों के जीवन में सुख, समृद्धि और आरोग्यता आए। इसी उद्देश्य से यहां हर वर्ष श्री राम महायज्ञ पाटोत्सव का आयोजन होता आ रहा है। इस वर्ष श्री रामायण स्थापना के 16 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 16वां पाटोत्सव आयोजित किया जा रहा है।

14 फरवरी 2026 से प्रारंभ हुए इस आयोजन में बानोड़ा बालाजी महाराज के आचार्यत्व में सप्त कुंडीय, सप्त दिवसीय यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। 15 फरवरी से 21 फरवरी तक श्री रामचरितमानस पाठ के साथ दशांश हवन और तर्पण कार्यक्रम संपन्न होंगे। प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक यज्ञ हवन होंगे, जबकि रात्रि में विशाल भजन संध्या, भगवद्गीता प्रवचन, सुंदरकांड पाठ, नानी बाई का मायरा, शिवपुराण, रामायण लीला सहित विभिन्न धार्मिक प्रस्तुतियां होंगी।

21 फरवरी 2026 को दोपहर 1 बजे महायज्ञ की पूर्णाहुति होगी तथा दोपहर 2 बजे से महाप्रसाद का आयोजन रखा गया है। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से यज्ञ में यजमान बनकर सहभागिता निभाने और महाप्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।

Similar News