लखमणियास में गेहूं के खेत में लगी भीषण आग, किसान की चार महीने की मेहनत राख
सवाईपुर (सांवर वैष्णव)। सवाईपुर क्षेत्र के लखमणियास गांव में आज सोमवार सुबह एक खेत में अज्ञात कारणों के चलते अचानक आग लग गई। इस अग्निकांड में गेहूं की खड़ी फसल जलकर खाक हो गई, जिससे पीड़ित किसान की चार महीने की कड़ी मेहनत और उम्मीदों पर पानी फिर गया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कुओं की मोटरें चलाकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, लखमणियास निवासी जमनालाल जाट के खेत में सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल आसपास के कुओं से पानी की मोटरें शुरू कीं और आग बुझाने में जुट गए।
घटना की सूचना दमकल विभाग को भी दी गई थी, लेकिन दमकल के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग को पूर्ण रूप से बुझा दिया। इसके बाद दमकल को रास्ते से ही वापस भेज दिया गया। इस हादसे में जमनालाल की करीब एक बीघा क्षेत्र में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों की सजगता से एक बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा आग आसपास के अन्य खेतों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी। फसल के नुकसान से किसान परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।