राष्ट्रीय ड्रॉप रोबॉल प्रतियोगिता: राजस्थान की बेटियों का जलवा, सब जूनियर टीम बनी ओवरऑल रनरअप

Update: 2026-04-06 06:41 GMT

भीलवाड़ा/गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में आयोजित 15वीं सब जूनियर एवं 16वीं सीनियर ड्रॉप रोबॉल राष्ट्रीय प्रतियोगिता का रविवार को भव्य समापन हुआ। चार दिवसीय इस राष्ट्रीय स्पर्धा में राजस्थान की सब जूनियर बालिका टीम ने अपने शानदार खेल कौशल के दम पर स्वर्ण सहित कई पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया है।

ड्रॉप रोबॉल राजस्थान के सचिव एडवोकेट लक्ष्मण सिंह राठौड़ ने बताया कि 2 अप्रैल से 5 अप्रैल तक चली इस प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन राजस्थान की बालिकाओं ने निर्णायक मुकाबलों में अपना दबदबा कायम रखा।

शानदार प्रदर्शन: स्वर्ण और रजत पदकों की बौछार

ट्रिपल वर्ग (स्वर्ण पदक): राजस्थान की दर्शना लखारा, जया गुप्ता, अक्षिता योगी, गायत्री गारु और गुंजन जादोन ने अद्भुत तालमेल दिखाते हुए फाइनल में महाराष्ट्र को शिकस्त दी और प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

सिंगल वर्ग (रजत पदक): कोमल ने प्रतिभाशाली खेल दिखाते हुए फाइनल तक का सफर तय किया। कड़े संघर्ष के बाद महाराष्ट्र की खिलाड़ी से हारकर उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

डबल वर्ग (रजत पदक): भावना प्रजापत, कविता सालवी, खुशी तेली और आर्शी की जोड़ी ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए फाइनल में प्रवेश किया और दूसरा स्थान (रजत पदक) हासिल किया।

ओवरऑल चैंपियनशिप में द्वितीय स्थान

विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर राजस्थान की टीम सब जूनियर वर्ग की ऑल ओवर चैंपियनशिप में दूसरे स्थान पर रही। टीम की इस सफलता पर टीम मैनेजर पायल साहू और टीम कोच पायल सेन के मार्गदर्शन की सराहना की गई। समापन अवसर पर अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पदक व ट्रॉफी प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Tags:    

Similar News