108 एम्बुलेंस बनी 'देवदूत': लखोला की प्रसूता ने रास्ते में दिया स्वस्थ बच्ची को जन्म, ईएमटी की सूझबूझ से सुरक्षित प्रसव

Update: 2026-04-06 02:16 GMT


भीलवाड़ा। जिले में चिकित्सा सेवाओं की तत्परता और 108 एम्बुलेंस कर्मियों की कुशलता ने आज एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की है। सोमवार सुबह लखोला गांव से प्रसव के लिए अस्पताल ले जाई जा रही एक गर्भवती महिला का एम्बुलेंस के भीतर ही सुरक्षित प्रसव कराया गया। जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।

रास्ते में बढ़ी पीड़ा, बीच सड़क रोकना पड़ा वाहन

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6:40 बजे लखोला निवासी प्रसूता को प्रसव के लिए गंगापुर अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में महिला को अचानक तीव्र प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। स्थिति की गंभीरता और प्रसव का समय निकट देख, एम्बुलेंस (RJ14 PE 7623) के पायलट महेंद्र कुमार वर्मा ने तुरंत वाहन को रास्ते में ही सुरक्षित स्थान पर रोक दिया।

ईएमटी विशाल ने दिखाई तत्परता

एम्बुलेंस में तैनात ईएमटी विशाल सुवालका ने बिना समय गंवाए अपनी सूझबूझ और मेडिकल प्रशिक्षण का उपयोग करते हुए एम्बुलेंस में ही प्रसव की प्रक्रिया शुरू की। विशाल की कुशलता से महिला ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। सफल प्रसव के बाद दोनों को तुरंत सीएचसी गंगापुर (CHC Gangapur) में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को खतरे से बाहर और स्वस्थ बताया है।

परिजनों ने जताया आभार

108 सेवा की इस त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील व्यवहार से खुश होकर महिला के परिजनों ने ईएमटी विशाल सुवालका और पायलट महेंद्र कुमार वर्मा का हृदय से आभार व्यक्त किया। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि आपातकालीन सेवाएं समय पर पहुंचें तो अनमोल जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455

Similar News