स्वर्णकार समाज का तृतीय प्रदेश स्तरीय प्रतिभा सम्मान -2026 आयोजित होगा विद्यार्थियों से आवेदन मांगे
भीलवाड़ा ।
राजस्थान प्रदेश मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज संस्था (रजि.) के शिक्षा प्रकोष्ठ द्वारा वर्ष 2026 के लिए “तृतीय प्रदेश स्तरीय प्रतिभा संपन्न छात्र-छात्रा सम्मान समारोह” आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में समाज के उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रदेश स्तर पर सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं।
राजस्थान प्रदेश शिक्षा प्रकोष्ठ सदस्य दिलीप सोनी ने बताया कि यह सम्मान उन विद्यार्थियों को दिया जाएगा जिन्होंने वर्ष 2026 में राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड , केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड , इंडियन सर्टिफिकेट ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन अथवा अन्य मान्यता प्राप्त बोर्ड की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
उन्होंने बताया कि सम्मान समारोह की तिथि एवं स्थान की सूचना केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद अलग से जारी की जाएगी। समाज के सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं पदाधिकारियों से अपील की गई है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के पात्र विद्यार्थियों की जानकारी निर्धारित फॉर्म के माध्यम से समय पर उपलब्ध करवाएं।
शिक्षा प्रकोष्ठ प्रभारी प्रवीण मैढ़ ने जानकारी देते हुए बताया कि राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के विद्यार्थियों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 25 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है, जबकि सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड के विद्यार्थियों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि परीक्षा परिणाम घोषित होने की तिथि से 7 दिन तक रहेगी।
आवेदन में विद्यार्थी को अपना नाम, माता-पिता का नाम, विद्यालय का नाम, जिला, प्राप्तांक, प्रतिशत, पूर्ण पता एवं मोबाइल नंबर सहित आवश्यक जानकारी देनी होगी। आवेदन सीधे शिक्षा प्रकोष्ठ प्रभारी प्रवीण मैढ़ को अथवा शिक्षा प्रकोष्ठ सदस्य, जिला प्रभारी या जिलाध्यक्ष के माध्यम से भी भेजा जा सकता है ।
सोनी ने बताया की “शिक्षा समाज के सर्वांगीण विकास का श्रेष्ठतम संसाधन है”, और इसी भावना के साथ मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए यह सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है।
