श्रद्धांजलि: पुलवामा शहीदों की याद में हिंदू चेतना संगठन ने जुटाया 533 यूनिट रक्त, संतों और सैनिकों का हुआ सम्मान

Update: 2026-02-15 08:00 GMT

 


भीलवाड़ा (पुनित चपलोत)। पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए वीर जवानों की स्मृति में हिंदू चेतना संगठन द्वारा रीको क्षेत्र स्थित संकल्प कॉम्प्लेक्स में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। राष्ट्रभक्ति के जज्बे से ओतप्रोत इस शिविर में युवाओं और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 533 यूनिट रक्त संग्रहित किया।

सैनिकों का सम्मान और संतों का आशीर्वाद

कार्यक्रम की शुरुआत वीर सैनिकों को नमन के साथ हुई। संगठन द्वारा भूतपूर्व एवं वर्तमान सैनिकों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया, जिनका साफा बांधकर और तिलक लगाकर भावपूर्ण अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर आध्यात्मिक जगत की विभूतियों का सानिध्य प्राप्त हुआ। श्री महामंडलेश्वर हंसाराम जी, हाथीभाटा आश्रम के महंत संतदास जी महाराज, पंचमुखी बालाजी (3 नंबर) के महंत मुरारीदास जी, जमनादास जी, गुरुजी दुःखभंजन श्री गोस्वामी जी एवं धमेश जी आचार्य ने उपस्थित होकर रक्तदाताओं को आशीर्वाद प्रदान किया।

प्रमुख हस्तियों ने बढ़ाई शोभा

संगठन अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि शिविर के माध्यम से शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में वर्तमान विधायक प्रतिनिधि सहित विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल के पदाधिकारी एवं करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष योगेंद्र सिंह कटार तथा रवि जाजू ने शिरकत की। सभी अतिथियों ने हिंदू चेतना संगठन के इस सेवाभावी कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

सेवा और राष्ट्रभक्ति का संगम

संगठित किया गया 533 यूनिट रक्त जिले के जरूरतमंद मरीजों के लिए समर्पित किया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने 'रक्तदान-महादान' के नारों के साथ राष्ट्र सेवा का संकल्प दोहराया। आयोजकों ने बताया कि शहीदों के बलिदान को याद रखने और सामाजिक सरोकारों से जुड़ने के उद्देश्य से यह आयोजन सफल रहा।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455

Similar News