भीलवाड़ा में अतिक्रमण पर पीला पंजा: सूचना केंद्र की खूबसूरती पर लगा 'अवैध केबिनों' का ग्रहण हटा, दुकान मिलने के बाद भी जमा रखा था कब्जा
भीलवाड़ा हलचल। शहर के ह्रदय स्थल और सांस्कृतिक पहचान सूचना केंद्र को निखारने के लिए नगर निगम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पिछले कई सालों से सूचना केंद्र के आगे-पीछे अवैध रूप से जमी केबिनों को हटाने के लिए नगर निगम का अतिक्रमण निरोधक दस्ता पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरा।
सूचना केंद्र के पीछे से हुई शुरुआत, केबिन मालिकों में हड़कंप
नगर परिषद के अतिक्रमण निरोधक दस्ते के प्रभारी जोरावर सिंह ने बताया कि आयुक्त के निर्देशानुसार आज सूचना केंद्र के पीछे अवैध रूप से लगाई गई केबिनों को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई है। इसके बाद सूचना केंद्र के सामने की तरफ लगी अवैध केबिनों को भी साफ किया जाएगा। निगम की इस अचानक हुई कार्रवाई से केबिन संचालकों में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
दुकान मिलने के बाद भी नहीं छोड़ा 'मोह': खुली सच्चाई
इस कार्रवाई के दौरान एक बड़ी बात सामने आई है। उल्लेखनिय है कि सूचना केंद्र के सामने जिन लोगों ने केबिन और थड़ियां लगा रखी थीं, उन्हें नगर परिषद द्वारा पूर्व में ही दुकानें आवंटित की जा चुकी थीं। बावजूद इसके, दुकान मिलने के बाद भी इन लोगों ने मुख्य रास्ते पर अवैध केबिनें लगा रखी थीं, जिससे न केवल यातायात बाधित हो रहा था बल्कि सूचना केंद्र की भव्यता भी छिप गई थी।
सुधरेगी यातायात व्यवस्था, निखरेगा शहर
नगर निगम का मानना है कि इन केबिनों के हटने से:सूचना केंद्र के आगे और पीछे आवाजाही के लिए रास्ते पूरी तरह खुल जाएंगे।
शहर के मुख्य बाजार की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा।पिछले 10 दिनों से नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न हिस्सों में चलाई जा रही अतिक्रमण हटाओ मुहिम से शहर की सड़कें चौड़ी नजर आने लगी हैं और अवैध निर्माणों पर नकेल कसी जा रही है।
