आस्था की अटूट चमक, कोटड़ी श्याम के दानपात्र से निकली 9 किलो चांदी और 48 लाख नकदी
आकोला (रमेश चंद्र डाड) मेवाड़ के सुप्रसिद्ध आस्था धाम श्री चारभुजानाथ मंदिर कोटड़ी में मंगलवार को अमावस्या पर श्रद्धा, शक्ति और वैभव का अनूठा संगम देखने को मिला। चांदी की आसमान छूती कीमतों के बीच भक्तों की आस्था भारी पड़ी। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुदर्शन गाड़ोदिया ने बताया कि महीने भर में आसमान छूते भावों के बावजूद भी कोटड़ी श्याम भक्त सोना-चांदी के आभूषण से प्रभु को निहारने में कोई कसर नही छोड़ रहे है। एक महीने में खोले जाने भेंट पात्र से 8 किलो 784 ग्राम चांदी और 48 लाख 77 हजार 431 रुपये की नकद राशि प्राप्त हुई है। विशेष बात यह है कि यह चांदी एक भक्त द्वारा ठाकुर जी के भव्य चांदी के सिंहासन निर्माण के संकल्प हेतु भेंट की गई है।
दोपहर में मन्दिर ट्रस्ट व भक्तो की मौजूदगी में गणना की परंपरा के अनुसार हर महीने की अमावस्या को मंदिर का दानपात्र खोला जाता है। मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों व कर्मचारियों के सानिध्य में दानपात्र खोला गया। नोटों की गड्डियों के अंबार के साथ ही 24 ग्राम 300 मिलीग्राम सोना भी श्रद्धा स्वरूप प्राप्त हुआ। ट्रस्ट अध्यक्ष ने बताया कि मंदिर की बढ़ती प्रसिद्धि और भक्तों की आस्था के चलते दान का ग्राफ हर माह बढ़ रहा है।
भोर की बेला में अभिषेक और अलौकिक श्रृंगार
धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत तड़के ब्रह्म मुहूर्त में हुई। पंडित विष्णु दाधीच ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ठाकुर जी का अभिषेक संपन्न कराया। इसके पश्चात मंदिर पुजारी संजीव पाराशर एवं मनीष पाराशर ने प्रभु का मनमोहक श्रृंगार किया। स्वर्ण आभूषणों और इत्र की सुगंध से महकते दरबार के दर्शन पाकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। अमावस्या पर भक्तो का जबरदस्त सैलाब उमड़ा जिससे मन्दिर परिसर भक्तो से अटा नजर आया। वही बाजार में व्यापारियों के यह भी खरीददारों की खासी भीड़ रही। दिनभर मन्दिर में स्थानीय कलाकारों के द्वारा श्रीचारभुजानाथ, शिवजी के अलावा अन्य देवी देवताओं पर भजनों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु भक्त झूमते रहे।