भीलवाड़ा। जिले के शंभूगढ़ थाना क्षेत्र के जगपुरा गांव में दिनदहाड़े घर के बाहर खड़ी एक बाइक चोरी हो गई। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। अज्ञात चोर बाइक चुराकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार जगपुरा निवासी इस्लाम खींची के घर के बाहर खड़ी बाइक को अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए। घटना की सूचना शंभूगढ़ पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि शुक्रवार दिन में एक बाइक पर दो युवक आते हैं। उनमें से एक युवक वहीं रुक जाता है, जबकि दूसरा युवक वापस लौट जाता है। करीब 10 मिनट बाद रुका हुआ युवक घर के बाहर खड़ी बाइक को लेकर निकल जाता है और कुछ दूरी पर बाइक स्टार्ट कर फरार हो जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार बाइक चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।