"होली के रंग-ठाकुर जी के संग": आनन्द धाम हवेली मन्दिर में उमड़ेगा भक्ति का सैलाब

Update: 2026-02-27 13:05 GMT

 भीलवाड़ा | शहर के लोकप्रिय धार्मिक स्थल आनन्द धाम हवेली मन्दिर में शनिवार, 28 फरवरी को "होली के रंग - ठाकुर जी के संग" कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। अन्तर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब भीलवाड़ा के सदस्य, सनातन धर्म प्रेमी और वैष्णवजन विश्व के इस एकमात्र मंदिर में, जहाँ श्रीनाथ जी और श्री द्वारकाधीश भगवान एक साथ विराजित हैं, फूलों और गुलाल के साथ होली खेलेंगे।

मथुरा-वृंदावन जैसा होगा माहौल, भजनों की बहेगी सरिता

कार्यक्रम दोपहर 4:00 बजे से शाम 6:30 बजे तक आयोजित होगा। अन्तर्राष्ट्रीय भजन गायिका डॉ. सुमन सोनी अपने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देंगी। इस दौरान भक्तगण राधा-कृष्ण का रूप धरकर नृत्यों के माध्यम से ठाकुर जी को रिझाएंगे। फूलों और रंग-बिरंगी गुलाल की बौछार के बीच मन्दिर परिसर में मथुरा, वृन्दावन और बरसाना जैसा भक्तिमय माहौल जीवंत हो उठेगा।

विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति

प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित "फागोत्सव-2026" की मुख्य अतिथि क्लब की राष्ट्रीय महासचिव अनिता सोडाणी होंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता मन्दिर की मुख्य ट्रस्टी सुमन बाहेती करेंगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व जिलाध्यक्ष कुसुम जागेटिया, डॉ. चेतना जागेटिया एवं क्लब के जिला पदाधिकारी ठाकुर जी के दरबार में उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

भक्तों से शामिल होने का आह्वान

क्लब की डॉ. राखी राठी एवं ऐस्ट्रोलोजर चेतना बसेर ने सभी वैष्णव जनों और भक्तों से इस पावन उत्सव में सम्मिलित होने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन समाज में प्रेम और भक्ति के रंग घोलने का एक अनूठा प्रयास है। सभी भक्तों को भगवान के साथ होली खेलने का दुर्लभ सौभाग्य प्राप्त होगा।

Similar News