भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी सड़क: मिट्टी पर डामर डालने से 2 महीने में ही उखड़ा पेंचवर्क
पुर | उपनगर पुर के समीपवर्ती ग्राम मंडपिया से सालमपुरा और ग्राम पंचायत कोचरिया तक जाने वाली सड़क इन दिनों भ्रष्टाचार और लापरवाही का जीवंत उदाहरण बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि मात्र 2 महीने पहले इस सड़क पर पेंचवर्क (मरम्मत) का कार्य किया गया था, लेकिन ठेकेदार द्वारा मिट्टी के ऊपर ही डामर बिछा देने के कारण अब सड़क जगह-जगह से उखड़ने लगी है। घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल ने सड़क को फिर से बदहाल स्थिति में पहुंचा दिया है।
टूटी पुलिया दे रही बड़े हादसे को न्योता
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क तो पूरी तरह टूट ही चुकी है, साथ ही रास्ते में बना एक पुराना पुलिया भी जर्जर होकर टूट रहा है। सड़क पर उभरे गहरे गड्ढों और कमजोर पुलिया के कारण वाहन चालकों, विशेषकर दुपहिया सवारों के लिए यहां से गुजरना जानलेवा साबित हो रहा है। रात के अंधेरे में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जिससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना घटित होने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों में भारी रोष, सुधार की मांग
मंडपिया और सालमपुरा के ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की हालत खराब होने से आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घटिया पेंचवर्क के कारण सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है और जनता को राहत के बजाय आफत मिली है। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि समय रहते सड़क और पुलिया का गुणवत्तापूर्ण सुधार किया जाए, अन्यथा वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।