पशु प्याऊ का उद्घाटन, पक्षियों के लिए चुग्गा और जरूरतमंदों को बांटे कंबल
पुर हलचल। जीव दया और परोपकार के संकल्प के साथ महावीर इंटरनेशनल पुर केंद्र द्वारा शनिवार को बोरडा आटूण ग्राम में विभिन्न सेवा कार्यों का आयोजन किया गया। इस दौरान पशु-पक्षियों की सेवा के साथ-साथ मानव सेवा के प्रकल्प भी चलाए गए।
पशु प्याऊ का शुभारंभ और गौ सेवा
संस्था द्वारा बोरडा आटूण ग्राम में सिंघवी कृषि फार्म हाउस के पास मूक पशुओं के लिए एक नई पशु प्याऊ का उद्घाटन किया गया। भीषण गर्मी की दस्तक से पूर्व पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था करना सराहनीय कदम रहा। इसी कड़ी में गौ माता के लिए 200 किलो हरा घास भी डलवाया गया।
पक्षियों के लिए दाना और गरीबों को कंबल
पक्षी सेवा के तहत गांव के हनुमान मंदिर और शिव मंदिर परिसर में कबूतरों व अन्य पक्षियों के लिए एक बोरी मक्की का चुग्गा डलवाया गया। इसके साथ ही, कड़ाके की ठंड और जरूरतमंदों की सहायता के उद्देश्य से कंबल भी वितरित किए गए।
इनका रहा विशेष सहयोग
यह संपूर्ण सेवा कार्य वीर सुरेश चंद्र सिंघवी के आर्थिक सहयोग से संपन्न हुआ। इस अवसर पर पुर केंद्र के चेयरमैन वीर सुरेश चंद्र सिंघवी, सेक्रेटरी वीर गोपाल लाल टेलर, वीर श्रवण कुमार सेन, वीर शांति लाल सिंघवी, कन्हैया लाल माली, छोटू लाल बलाई और रामचंद्र प्रजापत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।