भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में भीलवाड़ा का दबदबा: कालूलाल गुर्जर और राकेश पाठक बने सदस्य, आजाद शर्मा विशेष आमंत्रित सदस्य मनोनीत
भीलवाड़ा (हलचल)। भारतीय जनता पार्टी राजस्थान द्वारा प्रदेश कार्यसमिति की घोषणा के साथ ही भीलवाड़ा के कद्दावर नेताओं को बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर और भीलवाड़ा के पूर्व महापौर राकेश पाठक को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है। वहीं, युवा राजनीति में सक्रिय चेहरा और पूर्व युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष आजाद शर्मा को प्रदेश कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य मनोनीत किया गया है।
अनुभव और युवाओं को मिली तरजीह
पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर के लंबे राजनीतिक अनुभव और संगठन में उनकी पकड़ को देखते हुए उन्हें पुनः महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, पूर्व महापौर राकेश पाठक द्वारा नगर परिषद और संगठन में किए गए कार्यों को प्रदेश स्तर पर पहचान मिली है। युवा नेता आजाद शर्मा की नियुक्ति को आगामी समय में युवाओं को पार्टी से जोड़ने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
बधाइयों का लगा तांता
इन नियुक्तियों की सूचना मिलते ही भीलवाड़ा भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया से लेकर व्यक्तिगत रूप से नेताओं को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया है कि इन नियुक्तियों से जिले में संगठन को नई मजबूती और ऊर्जा मिलेगी।
उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं
भीलवाड़ा हलचल परिवार की ओर से नवनियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं उनके उज्जवल भविष्य की मंगलकामनाएं।