सिंधी समाज का चेटीचंड 20 मार्च को

Update: 2026-03-01 14:40 GMT

 

भीलवाड़ा | सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान झूलेलाल के जन्मोत्सव 'चेटीचंड' को लेकर भीलवाड़ा के सिंधी समाज में भारी उत्साह है। आगामी 13 से 20 मार्च तक आयोजित होने वाले 8 दिवसीय महापर्व की तैयारियों को लेकर स्थानीय नाथद्वारा सराय स्थित पूज्य हेमराजमल भगत झूलेलाल सनातन मंदिर में एक वृहद समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

महंत टेऊंराम भगत के सानिध्य, रमेशचंद्र सभनानी के विशिष्ट आतिथ्य एवं झूलेलाल मित्र मंडल अध्यक्ष कमल वैशनानी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में उत्सव की रूपरेखा तय की गई। मीडिया प्रभारी मूलचंद बहरवानी ने बताया कि महापर्व के दौरान शहर के सभी 8 झूलेलाल मंदिरों में अभिषेक, आरती, पंजड़ों की प्रस्तुति और पारंपरिक 'छेज' (सामूहिक नृत्य) के आयोजन होंगे।

प्रमुख कार्यक्रमों की रूपरेखा

15 मार्च (रविवार): पूज्य हेमराजमल साहब सेवा समिति द्वारा सुबह 11 बजे शिक्षाविदों का सम्मान, दोपहर 1 बजे प्रसादी और शाम 4 बजे बहराणा साहब की स्थापना होगी।

19 मार्च (गुरुवार): सुबह 9:30 बजे चित्रकूट धाम से भव्य वाहन रैली निकाली जाएगी, जो नगर भ्रमण के पश्चात नाथद्वारा सराय पहुंचेगी। यहाँ संत-महात्माओं द्वारा ध्वजारोहण के साथ मुख्य उत्सव का आगाज होगा।

20 मार्च (शुक्रवार - मुख्य दिवस): इस दिन सिंधी समाज के व्यापारिक प्रतिष्ठान पूर्णतः बंद रहेंगे। सुबह सामूहिक मुंडन व यज्ञोपवीत संस्कार होंगे। शाम 5 बजे शहर के सभी 8 क्षेत्रों (सिंधु नगर, शास्त्री नगर, बापू नगर आदि) की झांकियां एकत्रित होकर एक विशाल शोभायात्रा का रूप लेंगी, जिसमें हाथी-घोड़े और अश्व सवार शामिल होंगे।

सामूहिक भोज और स्वागत

महापर्व के समापन पर 20 मार्च को दोपहर में सामूहिक भंडारा और शाम को इंद्रा मार्केट सिंधी व्यापारी एसोसिएशन की ओर से चित्रकूट धाम में समाजजनों के लिए भोजन प्रसादी रखी गई है। शोभायात्रा के मार्ग में विभिन्न संस्थाओं द्वारा तोरण द्वार लगाकर पुष्प वर्षा से स्वागत किया जाएगा।

बैठक में किशोर लखवानी, हेमनदास भोजवानी, रमेश खोतानी सहित समाज के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्हें आयोजन को सफल बनाने हेतु विभिन्न दायित्व सौंपे गए हैं।

Similar News