भीलवाड़ा, । राज्य सरकार के निर्देशानुसार होली के मद्देनज़र EMRI GHS की 108 एम्बुलेंस रेस्पॉन्स सेवा ने पूरे राजस्थान में व्यापक तैयारियां की हैं। प्रदेशभर में 1094 एम्बुलेंस को रणनीतिक रूप से तैनात कर आपात स्थितियों से निपटने के लिए विशेष अलर्ट जारी किया गया है।
स्टेट हेड मधुसूदन भोमिया ने बताया कि त्योहार के दौरान दुर्घटना, आगजनी, झगड़े अथवा स्वास्थ्य संबंधी आपात मामलों की संभावना को देखते हुए सभी जिलों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। 108 सेवा पूरी तरह निःशुल्क है और मेडिकल, पुलिस अथवा अग्नि से संबंधित किसी भी आपात स्थिति में नागरिक केवल 108 पर कॉल कर तुरंत सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
भीलवाड़ा जिले में विशेष अभियान
भीलवाड़ा जिले में 108 एम्बुलेंस सेवा द्वारा “होली सुरक्षा विशेष अभियान” चलाया गया।
108 एम्बुलेंस के प्रोग्राम मैनेजर गौरव त्रिपाठी ने बताया कि होली के अवसर पर जिले में विशेष सतर्कता अभियान संचालित किया गया, जिसके अंतर्गत सभी एम्बुलेंस स्टाफ को अलर्ट मोड पर रखा गया है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों, बाजारों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में एम्बुलेंस की रणनीतिक तैनाती सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत:
पायलट और ईएमटी को त्वरित रिस्पॉन्स समय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
कंट्रोल रूम की मॉनिटरिंग बढ़ाई गई।
सभी वाहनों की पूर्व जांच (फिटनेस, ऑक्सीजन, दवाइयां, उपकरण) सुनिश्चित की गई। त्योहार के दौरान कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर 24×7 सेवाएं सक्रिय रखी गईं।
गौरव त्रिपाठी ने कहा कि “हमारा मुख्य उद्देश्य है कि होली के दौरान किसी भी आपात स्थिति में आमजन को तुरंत और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए। हमारी टीमें पूरी मुस्तैदी और समर्पण के साथ कार्य कर रही हैं।”
नागरिकों से अपील
108 सेवा ने नागरिकों से अपील की है कि वे जिम्मेदारीपूर्वक और सुरक्षित तरीके से होली मनाएं।
सुरक्षा सुझाव:
आंखों की सुरक्षा के लिए चश्मा पहनें।
बच्चों पर विशेष ध्यान रखें।
नशे की अवस्था में वाहन न चलाएं।
ज्वलनशील पदार्थों से दूरी बनाए रखें।
किसी भी आपात स्थिति में घबराएं नहीं, तुरंत 108 पर कॉल करें।
सेवा ने यह भी स्पष्ट किया है कि गैर-आपात स्थिति में 108 का दुरुपयोग न करें, ताकि वास्तविक जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंच सके। होली के अवसर पर 108 एम्बुलेंस सेवा ने भीलवाड़ा सहित प्रदेशवासियों को सुरक्षित, स्वस्थ एवं सुखद होली की शुभकामनाएं दी हैं।
