लोकार्पण कार्यक्रम का विरोध बदलना पड़ा स्थान:: भीमराव अम्बेडकर भवन में आयुष्मान आरोग्य मंदिर को लेकर मचा बवाल
मांडल (सोनिया सागर )। कस्बे में प्रस्तावित शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर का लोकार्पण कार्यक्रम उस समय विवादों की भेंट चढ़ गया, जब भीम रोड स्थित भीमराव अम्बेडकर सामुदायिक भवन में आयोजित होने जा रहे समारोह का स्थानीय निवासियों ने जोरदार विरोध कर दिया। राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत इस आरोग्य मंदिर की शुरुआत की जानी थी, जिसका लोकार्पण मांडल विधायक के कर-कमलों से होना निर्धारित था। प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर पूरी तैयारियाँ कर ली थीं—मंच सजा था और अतिथियों के स्वागत की रूपरेखा बनी थी—लेकिन ऐन वक्त पर हालात बदल गए।
स्थानीय लोगों और बसपा प्रत्याशी रामेश्वर बैरवा के नेतृत्व में सामुदायिक भवन में आरोग्य मंदिर संचालित किए जाने का विरोध जताते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया गया। देखते ही देखते विरोध के स्वर तीखे हो गए और माहौल तनावपूर्ण बन गया। स्थिति को भांपते हुए प्रशासन ने एहतियातन लोकार्पण कार्यक्रम निरस्त कर दिया, जिसके परिणामस्वरूप विधायक को बिना औपचारिक लोकार्पण किए ही लौटना पड़ा। हालांकि, स्वास्थ्य सेवा शुरू करने की मंशा पर विराम नहीं लगा। शाम को भेरू नाथ जी का स्थान (रोडियो क्षेत्र) के समीप एक किराए के भवन में सादगीपूर्ण ढंग से लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया।