गंगापुर सिटी: दिल दहला देने वाली वारदात, मां लापता और तीन मासूमों के शव कुंड में मिले

Update: 2026-03-02 13:05 GMT

गंगापुर  । वजीरपुर उपखंड के मीना बड़ौदा गांव में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों के शव संदिग्ध अवस्था में एक खेत में बनी पानी की टंकी (कुंड) में तैरते मिले। घटना के बाद से बच्चों की मां संगीता मीणा लापता है, जबकि पुलिस को सूचना मिली है कि भरतपुर के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हुई है, जिसकी शिनाख्त संगीता के रूप में की जा रही है।

दहेज प्रताड़ना का आरोप, सोशल मीडिया पर डाला वीडियो

परिजनों के अनुसार, संगीता मीणा (27) की शादी करीब 7 साल पहले मीना बड़ौदा निवासी प्रवीण मीणा से हुई थी। आरोप है कि ससुराल पक्ष उसे लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहा था। चौंकाने वाली बात यह है कि रविवार रात संगीता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया था, जिसमें उसने ससुराल वालों पर मारपीट और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाते हुए कुछ लोगों के नाम भी लिए थे।

अस्पताल से ससुराल पक्ष गायब, पीहर पक्ष में कोहराम

वजीरपुर थाना पुलिस ने तीनों बच्चों—दिव्या (5 वर्ष), भारती (3 वर्ष) और मासूम दीपक (डेढ़ वर्ष)—के शवों को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में पीहर पक्ष के लोग तो मौजूद थे, लेकिन मृत बच्चों का पिता या ससुराल का कोई भी सदस्य वहां नजर नहीं आया, जो मामले को और अधिक संदिग्ध बना रहा है।

पुलिस की कार्रवाई और अनुसंधान

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश राजोरा ने बताया कि रविवार को महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। तलाशी के दौरान सोमवार सुबह बच्चों के शव कुंड में मिले। इसी बीच भरतपुर पुलिस से मिली सूचना के आधार पर जयपुर के एसएमएस अस्पताल में रखे एक अज्ञात शव की पहचान संगीता मीणा के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया मामला दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Similar News