सवाईपुर क्षेत्र में शीतला सप्तमी की धूम: ठंडे पकवानों से हुआ मां का पूजन, उमड़ा आस्था का सैलाब

Update: 2026-03-11 02:33 GMT


सवाईपुर (सांवर वैष्णव)। सवाईपुर कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में आज बुधवार को शीतला सप्तमी का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। अलसुबह से ही शीतला माता मंदिरों में महिलाओं की भारी भीड़ जुटी, जिससे समूचा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया।

बासे भोजन का लगा भोग, गूंजी शीतला माता की कथा

परंपरा के अनुसार, श्रद्धालुओं ने एक दिन पूर्व मंगलवार को तैयार किया गया विशेष 'बासा' (ठंडा) भोजन माता रानी को अर्पित किया। थालियों में पूड़ी, पुआ, दही, राबड़ी और विभिन्न मिठाइयां सजाकर महिलाएं मंदिर पहुंचीं। ढ़ेलाणा निवासी माया जाट और ललिता वैष्णव ने बताया कि महिलाओं ने विधि-विधान से माता की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति, आरोग्य और खुशहाली की मंगल कामना की। पूजन के पश्चात मंदिर परिसरों में महिलाओं ने समूह में बैठकर शीतला माता की पौराणिक कथा का श्रवण किया।

आरोग्य और समृद्धि की प्रार्थना

मान्यता है कि शीतला माता की पूजा से चेचक जैसी बीमारियों से मुक्ति मिलती है और घर में शीतलता व सुख का वास होता है। इसी आस्था के चलते आज सुबह से ही मंदिरों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिलीं। ग्रामीण क्षेत्रों में इस पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखा गया, जहाँ हर घर में पारंपरिक पकवानों का आनंद लिया गया।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078

(Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455


Similar News