क्षितिज कोली ने बढ़ाया मान: पटियाला से बॉक्सिंग कोचिंग में हासिल किया डिप्लोमा, अब तराशेंगे नए मुक्केबाज

Update: 2026-03-19 07:55 GMT

 भीलवाड़ा (हलचल)। भीलवाड़ा के खेल जगत के लिए गौरव का विषय है कि शहर की निःशुल्क संचालित आरवी बॉक्सिंग एकेडमी के सीनियर और राष्ट्रीय स्तर के मुक्केबाज क्षितिज कोली अब आधिकारिक तौर पर बॉक्सिंग कोच बन गए हैं। उन्होंने खेल के क्षेत्र में प्रतिष्ठित संस्थान नेताजी सुभाष चंद्र बोस नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स (NSNIS), पटियाला से बॉक्सिंग में 'सर्टिफिकेट कोर्स इन स्पोर्ट्स कोचिंग' का छह सप्ताह का डिप्लोमा सफलतापूर्वक पूर्ण किया है।

दिग्गज प्रशिक्षकों से सीखा खेल का हुनर

क्षितिज कोली ने अपनी इस उपलब्धि के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी बॉक्सिंग कोच जितेंद्र राज सिंह, सुजीत के. सिंह, पूनम बेनीवाल और रूपेंद्र कौर के मार्गदर्शन में कड़ा प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस कोर्स के माध्यम से उन्होंने बॉक्सिंग की आधुनिक तकनीकों और प्रशिक्षण की बारीकियों को सीखा है, जिसका लाभ अब भीलवाड़ा के उभरते हुए मुक्केबाजों को मिल सकेगा।

खेल प्रेमियों में खुशी की लहर

क्षितिज की इस सफलता पर भीलवाड़ा बॉक्सिंग संघ और खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त किया है। भीलवाड़ा बॉक्सिंग संघ के सचिव कल्पेश सोमाणी, अध्यक्ष राकेश कसेरा, निर्मल कटारिया, बॉक्सिंग कोच राजेश कोली और विजय पारीक ने क्षितिज कोली  के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि क्षितिज के कोच बनने से स्थानीय स्तर पर बॉक्सिंग की प्रतिभाओं को बेहतर मंच और तकनीक मिल सकेगी।

Similar News