पिंक पखवाड़े में भीलवाड़ा का दबदबा: प्रदेश के टॉप-11 जिलों में मिली जगह

Update: 2026-03-19 09:59 GMT

भीलवाड़ा । मातृत्व स्वास्थ्य सेवाओं में भीलवाड़ा जिले ने एक बार फिर राज्य स्तर पर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। एफसीएम पिंक पखवाड़े के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते भीलवाड़ा को राजस्थान के शीर्ष 11 जिलों में शामिल कर सम्मानित किया गया है।

राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान द्वारा आयोजित इस भव्य समारोह में जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अभिनव निर्वाण को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। उन्हें अति. मिशन निदेशक (एनएचएम) डॉ. टी. शुभमंगला, निदेशक (आईईसी) व निदेशक आरसीएच डॉ. मधू रतेश्वर सहित उच्चाधिकारियों ने प्रशस्ति पत्र देकर नवाजा।

कुशल नेतृत्व और टीम वर्क का परिणाम

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि का श्रेय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा के कुशल मार्गदर्शन को दिया गया है। डॉ. शर्मा ने बताया कि वर्ष 2025-26 के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने समर्पित भाव से कार्य किया। अभियान के तहत न केवल गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित सेवाएं दी गईं, बल्कि उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं (High-Risk Pregnancy) की समय पर पहचान कर उनका प्रभावी उपचार भी सुनिश्चित किया गया।

एनीमिया मुक्त अभियान को मिली गति

पखवाड़े की मुख्य सफलता एनीमिया से पीड़ित महिलाओं के उपचार में रही। गंभीर एनीमिया से ग्रसित गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को डे-केयर सुविधा के माध्यम से फेरिक कार्बोक्सी माल्टोज (FCM) इंजेक्शन लगाए गए। इससे महिलाओं के हीमोग्लोबिन स्तर में तेजी से सुधार दर्ज किया गया, जो मातृ मृत्यु दर को कम करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। डॉ. शर्मा ने इस सफलता को पूरी टीम की मेहनत का परिणाम बताते हुए भविष्य में भी स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने का संकल्प दोहराया।

Tags:    

Similar News