आसींद में नव संवत्सर पर उमड़ा जनसैलाब, भव्य शोभायात्रा के साथ गूंजा जयघोष

Update: 2026-03-19 10:37 GMT

आसींद (भीलवाड़ा) । सनातन धर्म उत्सव समिति के तत्वावधान में चैत्र प्रतिपदा नव संवत्सर 2083 का पर्व उपखंड मुख्यालय पर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें पंजाब के मशक बैंड और नासिक के विशेष ढोल की थाप पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।

आकर्षक झांकियां और सांस्कृतिक संगम

शोभायात्रा में भगवान देवनारायण की मनमोहक झांकी, केसरिया रणबांकुरे, शिव-गौरी नृत्य और बाहुबली शंकर के स्वरूप आकर्षण का केंद्र रहे। हनुमान जी की वानर सेना और नृसिंह अवतार की प्रस्तुतियों ने धर्मप्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। यात्रा में महाराष्ट्रीयन ढोल पथक के साथ राजस्थान दिवस पर आधारित झांकियां, कच्ची घोड़ी और गैर नृत्य ने राजस्थानी संस्कृति की छटा बिखेरी।

पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत

पुराना बस स्टैंड से प्रारंभ हुई यह शोभायात्रा गांधी बाजार, गांधी चौक, बड़ा मंदिर चौराहा, नरसिंह द्वारा मार्ग, ऊपरली हवेली और पंचायत समिति प्रताप सर्कल होते हुए सिविल लाइन स्थित रूप केसरी नगर पहुंची। मार्ग में जगह-जगह नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया। विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल और अल्पाहार की व्यवस्था की गई।

संतों का सान्निध्य और गणमान्य जनों की उपस्थिति

कार्यक्रम सवाई भोज महंत सुरेश दास महाराज के पावन सान्निध्य में संपन्न हुआ। समापन पर आयोजित धर्म सभा में समिति अध्यक्ष दिनेशकुमार सोनी ने पधारे हुए संतों व महापुरुषों का अभिनंदन किया। इस दौरान विधायक जब्बरसिंह सांखला, भाजपा नगर अध्यक्ष अनिलसिंह तंवर, तीर्थराज सिंह, जगदीश कुमावत, सुरेश सोनी, दयाल जाट, देवीलाल साहू, अखिलेश वैष्णव सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति और धर्मप्रेमी उपस्थित रहे। अंत में सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।

Tags:    

Similar News