आसीन्द: नेशनल हाईवे के अधूरे कार्य के खिलाफ पत्रकारों का हल्लाबोल, आज से अनिश्चितकालीन धरना शुरू

Update: 2026-03-14 08:42 GMT

आसीन्द (हलचल)। नगर के हृदय स्थल पर पिछले तीन वर्षों से अधर में लटके 700 मीटर सड़क निर्माण कार्य और एनएचएआई (NHAI) के अधिकारियों की कथित उदासीनता के विरुद्ध अब स्थानीय पत्रकारों ने आर-पार की जंग का ऐलान कर दिया है। प्रेस क्लब आसीन्द के बैनर तले शनिवार, 14 मार्च से क्षेत्र के नागरिकों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया जा रहा है।

तीन साल का इंतजार, अब आर-पार की जंग

ब्यावर-भीलवाड़ा नेशनल हाईवे-158 का यह छोटा सा टुकड़ा अब आसीन्द के निवासियों के लिए जी का जंजाल बन चुका है। प्रेस क्लब के संरक्षक दिनेश साहू, निसार अहमद शेख और अध्यक्ष सम्पत शर्मा ने बताया कि प्रोजेक्ट डायरेक्टर (PD) राकेश कुमार की हठधर्मिता के कारण निर्माण कार्य ठप पड़ा है। सड़क के अभाव में उड़ती धूल से लोग गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं और आए दिन यहां सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय स्तर पर कई बार ज्ञापन देने और 'खून से लिखे पत्र' भेजने के बावजूद विभाग की कुंभकर्णी नींद नहीं टूटी है।

प्रेस क्लब सर्किल पर रहेगा धरना

प्रेस क्लब के सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि जब तक धरातल पर निर्माण कार्य तीव्र गति से शुरू नहीं होता, तब तक यह आंदोलन अनवरत जारी रहेगा। धरने की रूपरेखा इस प्रकार तय की गई है:

स्थान: प्रेस क्लब सर्किल (हरि भाई कचौड़ी के पास), आसीन्द।

समय: प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक।

नेतृत्व: प्रेस क्लब आसीन्द एवं स्थानीय सामाजिक संगठन।


Similar News