तुलछा का खेड़ा में होलिका दहन स्थल पर अतिक्रमण का आरोप, तहसीलदार को दिया ज्ञापन

Update: 2026-03-06 12:32 GMT

मोड़ का निंबाहेड़ा |आसिंद क्षेत्र के ग्राम तुलछा का खेड़ा के ग्रामीणों ने पारंपरिक होलिका दहन स्थल पर बाहरी व्यक्ति द्वारा अवैध अतिक्रमण, पेड़ों की कटाई और तोड़फोड़ का आरोप लगाते हुए तहसीलदार आसिंद को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों ने बताया कि गाँव में कुमावत समाज का वर्षों पुराना पारंपरिक होलिका दहन स्थल स्थित है, जहां लंबे समय से धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम करजालिया निवासी कैलाश शर्मा पुत्र गजानंद शर्मा तथा उनके परिवार के लोगों का इस भूमि से कोई कानूनी संबंध नहीं होने के बावजूद वे गाँव की सीमा में आकर सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार आरोपियों ने होलिका स्थल पर लगे हरे बबूल के पेड़ों को काट दिया तथा समाज द्वारा सुरक्षा के लिए लगाई गई तार की जाली (बाड़) को भी नष्ट कर दिया। जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए महिलाओं को आगे कर झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी।

ग्रामीणों ने आसींद तहसीलदार से मांग की है कि सार्वजनिक भूमि पर किए जा रहे अवैध अतिक्रमण और पेड़ों की कटाई के मामले में जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में इस धार्मिक स्थल पर किसी भी प्रकार के अवैध हस्तक्षेप को रोकने के लिए आवश्यक आदेश जारी किए जाएं।

इस मौके पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Similar News