आसींद के दिव्यांग तैराक मोहन सिंह ने पैरा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जीता कांस्य
भीलवाड़ा। आसींद क्षेत्र के मानसिंह जी का खेड़ा निवासी दिव्यांग खिलाड़ी मोहन सिंह रावणा राजपूत ने हाल ही में हैदराबाद में आयोजित 25वीं पैरा राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन किया है। देशभर से आए पैरा खिलाड़ियों के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।
इस सफलता के बाद आसींद विधायक जब्बर सिंह सांखला ने मोहन सिंह को अपने जयपुर स्थित विधायक निवास पर आमंत्रित कर सम्मानित किया। विधायक ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विधायक सांखला ने कहा कि मोहन सिंह की यह जीत पूरे आसींद क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा, "मोहन सिंह की यह जीत केवल एक पदक नहीं, बल्कि उनके अटूट विश्वास की जीत है। आसींद को अपने इस बेटे पर गर्व है।"
उन्होंने कहा कि मोहन सिंह जैसे खिलाड़ी समाज और अन्य दिव्यांगजनों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं, जो विपरीत परिस्थितियों में भी हार नहीं मानते। मानसिंह जी का खेड़ा जैसे छोटे से गांव से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना उनकी कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण का परिणाम है।
हैदराबाद में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के पैरा-एथलीटों के बीच कांस्य पदक जीतना उनकी खेल दक्षता और आत्मविश्वास को दर्शाता है। इस अवसर पर विधायक निवास पर क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक और ग्रामीण भी मौजूद रहे, जिन्होंने खिलाड़ी का उत्साहवर्धन किया।
