आसींद (हलचल)। भारतीय नववर्ष विक्रम संवत 2083 के उपलक्ष्य में आगामी 19 मार्च को कस्बे में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। सनातन धर्म महोत्सव समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। तैयारियों की समीक्षा के लिए कस्बे के नरसिंह द्वारा मंदिर में प्रकाश दास महाराज के सान्निध्य में विशेष बैठक आयोजित कर विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
पुराना बस स्टैंड से होगा शंखनाद
समिति के अनुसार, चैत्र शुक्ला प्रतिपदा के अवसर पर 19 मार्च, गुरुवार सुबह 10 बजे पुराना बस स्टैंड से शोभायात्रा का शुभारंभ होगा। यह यात्रा कस्बे के मुख्य मार्गों और रूपकेसरी नगर से होते हुए सिविल लाइन पंचायत समिति के सामने संपन्न होगी।
झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बनेंगी आकर्षण
शोभायात्रा में धर्म और संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिलेगी। इसमें राजस्थानी ढोल-नृत्य, बाहुबली शंकरजी, हनुमानजी, भगवान नृसिंह अवतार और भगवान देवनारायण की मनमोहक झांकियां शामिल होंगी। साथ ही महाराष्ट्रियन ढोल पथक, क्षत्रिय रणबांकुरों की शौर्य प्रस्तुति और हाथी-घोड़े गाजे-बाजे के साथ शोभा बढ़ाएंगे। मातृशक्ति द्वारा मंगल कलश यात्रा भी निकाली जाएगी।
पांच बस्तियों में बंटा नगर, सौंपी जिम्मेदारियां
उत्सव को सुव्यवस्थित बनाने के लिए नगर को पांच भागों—नरसिंह बस्ती, प्रताप बस्ती, श्रीराम बस्ती, विवेकानंद बस्ती और देवनारायण बस्ती में विभाजित किया गया है। प्रत्येक भाग के लिए संरक्षक, सह संरक्षक और संयोजक नियुक्त किए गए हैं। आयोजन के दौरान भगवान श्रीराम व धर्मराज युधिष्ठिर के राज्याभिषेक, डॉ. हेडगेवार जन्मजयंती, ज्योतिराव फुले जयंती और सम्राट विक्रमादित्य के ऐतिहासिक प्रसंगों का स्मरण किया जाएगा। समिति ने नगरवासियों से घरों पर भगवा ध्वज फहराने, दीपक जलाने और रंगोली बनाकर नववर्ष के स्वागत की अपील की है।