बनेड़ा में अवैध कोयला भट्टियों पर प्रशासन का वज्रपात, 279 भट्टियां ध्वस्त

Update: 2026-03-19 10:29 GMT

भीलवाड़ा हलचल (बनेड़ा)। जिले के बनेड़ा तहसील क्षेत्र में चरागाह भूमि को निगल रही अवैध कोयला भट्टियों के खिलाफ बुधवार को प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी और निर्णायक कार्रवाई को अंजाम दिया। कलक्टर के कड़े रुख के बाद उपखंड प्रशासन, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने भारी जाप्ते के साथ दबिश देकर 279 अवैध भट्टियों को जमींदोज कर दिया। इस अचानक हुई कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

भारी पुलिस जाप्ते के साथ योजनाबद्ध दबिश

बनेड़ा उपखंड अधिकारी श्रीकांत व्यास ने बताया कि प्रशासनिक टीम ने एक सुनियोजित रणनीति के तहत क्षेत्र के विभिन्न गांवों में अचानक धावा बोला। चरागाह और सरकारी भूमि पर अवैध रूप से संचालित इन कोयला भट्टियों को मौके पर चिह्नित किया गया और जेसीबी मशीनों व श्रमिकों की सहायता से तुरंत नष्ट कर दिया गया। किसी भी संभावित विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण संपन्न हुई।

इन गांवों में गरजीं जेसीबी मशीनें

एसडीएम व्यास के अनुसार, दो दर्जन से अधिक गांवों में यह विशेष अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान अलीनगर में सर्वाधिक 47 भट्टियां तोड़ी गईं। इसके अलावा खातन खेड़ी में 41, रायला में 24, मेघरास में 20, सरदार नगर में 14, भीमपुरा, डाबला व बामणिया में 11-11 और रूपाहेली खुर्द में 10 भट्टियों को ध्वस्त किया गया। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई ने क्षेत्र में अवैध कोयला माफिया की कमर तोड़ दी है।

Tags:    

Similar News