सिंगोली श्याम के फूलडोल में उमड़ा आस्था का जन सैलाब, अबीर-गुलाल से सराबोर हुई धर्मनगरी
सत्यनारायण शर्मा / गेन्दलिया। भीलवाड़ा जिला मुख्यालय से 45 किलोमीटर दूर स्थित राजकीय आत्मनिर्भर श्रेणी मंदिर श्री चतुर्भुजजी (सिंगोली श्याम) में चैत्र अमावस्या के अवसर पर आयोजित विशाल फूलडोल महोत्सव ने भक्ति के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। मेवाड़ अंचल के इस प्रसिद्ध धार्मिक तीर्थ स्थल पर भगवान सिंगोली श्याम के दर्शनों के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा।
चांदी के बेवाण में निकले ठाकुर जी, फागोत्सव की मची धूम
गुरुवार को महोत्सव के तहत दोपहर सवा दो बजे भगवान सिंगोली श्याम को मंदिर से भव्य रूप से सुसज्जित चांदी के रजत बेवाण में विराजमान किया गया। बेवाण निकलते ही समूचा परिसर 'वे बडला वे बावड़ी ध्वजा उड़ती धाम, दुखिया ने सुखिया करे म्हारो सिंगोली रो श्याम' और 'काला पण घणा रूपाला सा' जैसे भजनों से गुंजायमान हो उठा। भक्तों ने भगवान के संग जमकर अबीर-गुलाल उड़ाते हुए होली खेली। हजारों की संख्या में श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते और नाचते नजर आए, जिससे पूरी धर्मनगरी भक्तिमय हो गई।
पुष्प वर्षा और शाही लवाजमे के साथ नगर भ्रमण
भगवान का बेवाण जब राम चौक स्थित हनुमानजी महाराज के स्थान पर पहुँचा, तो वहाँ महाआरती की गई। इसके पश्चात ठाकुर जी चांदी के रथ में सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले। शोभायात्रा का भव्य स्वागत करते हुए ग्रामीणों ने पलक पावड़े बिछा दिए और भगवान पर सैकड़ों क्विंटल गुलाब के फूलों से पुष्प वर्षा की गई। शोभायात्रा में हाथी, घोड़े, ऊँट और अखाड़ा प्रदर्शन मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे।
भजनों की सरिता और नासिक के ढोल
बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों और नासिक के प्रसिद्ध ढोल की थाप पर निकली इस शोभायात्रा में सैकड़ों हरिबोल प्रभातफेरियां शामिल हुईं। मशहूर कलाकार राजू रावल, श्रवण सेंदरी और श्याम लाल गुर्जर ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दीं, जिस पर भक्त देर तक थिरकते रहे। यह सवारी रात्रि 9 बजे राम चौक मेला प्रांगण पहुँचेगी, जहाँ मेवाड़ के कलाकारों द्वारा सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। भगवान को नीम-मिश्री का भोग लगाकर प्रसाद वितरण किया जाएगा।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
