संघ शताब्दी वर्ष: हरी शेवा धाम में 'प्रमुख जन गोष्ठी' का आयोजन, राष्ट्रीय चारित्र्य से ही होगा समाज का उत्थान
भीलवाड़ा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भीलवाड़ा द्वारा संघ शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में स्वामी रामचरण नगर स्थित हरी शेवा धाम में ‘प्रमुख जन गोष्ठी’ का गरिमामय आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पधारे संघ के क्षेत्र कार्यवाह जसवंत खत्री ने समाज निर्माण और संगठन की शक्ति पर पाथेय प्रदान किया।
संगठन और आचरण से रुकेगा पतन
मुख्य वक्ता जसवंत खत्री ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन के अभाव और आचरण में धर्म को त्यागने के कारण ही समाज पतन की ओर बढ़ा और पराधीन हुआ। उन्होंने कहा कि पूजनीय डॉ. हेडगेवार जी ने व्यक्तिगत और राष्ट्रीय चारित्र्य से युक्त समाज निर्माण के ध्येय से संघ की स्थापना की थी। प्रशिक्षित स्वयंसेवकों ने भारत केंद्रित विचार के साथ समाज के हर क्षेत्र में कार्य खड़ा किया है। उन्होंने आपदा प्रबंधन, आपातकाल में लोकतंत्र की रक्षा और श्री राम जन्मभूमि आंदोलन में संघ की ऐतिहासिक भूमिका को रेखांकित किया।
विविधता में एकता नहीं, 'एकता में विविधता'
भारतीय दर्शन पर चर्चा करते हुए खत्री ने कहा कि हमारे यहाँ एक की ही अभिव्यक्ति अनेक रूपों में हुई है, इसलिए यह ‘एकता में विविधता’ है। उन्होंने हिंदुत्व को स्पष्ट करते हुए कहा कि सत्य, करुणा, शुचिता और तपस जैसे धर्म मूल्यों में विश्वास रखने वाले सभी मत-पंथ (शैव, वैष्णव, जैन, सिख, बौद्ध आदि) हिंदुत्व के अभिन्न घटक हैं।
पंच परिवर्तन का आह्वान
गोष्ठी में सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, नागरिक कर्तव्य, स्वबोध और पर्यावरण संरक्षण जैसे ‘पंच परिवर्तन’ विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। उन्होंने विशेष रूप से कुटुंब प्रबोधन पर जोर देते हुए कहा कि नई पीढ़ी को अपने पूर्वजों के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रीय उत्तरदायित्व से परिचित कराना हर परिवार का कर्तव्य है।
अतिथियों का रहा सान्निध्य
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं राजस्थान ऑप्टिकल एसोसिएशन (भीलवाड़ा) के अध्यक्ष राजकुमार केसवानी ने संघ की रचनात्मक भूमिका की सराहना की। मंच पर महानगर संघचालक कैलाश खोईवाल और नगर संघचालक लक्ष्मण दास लालवानी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्धजन, शिक्षाविद और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद थे।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
