रत्नेश्वर महादेव मठ पर नवकुंडीय महारुद्र यज्ञ महोत्सव का भव्य आगाज, शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब

Update: 2026-04-07 17:05 GMT


हमीरगढ़ (राजाराम वैष्णव) चित्तौड़गढ़ नेशनल हाईवे 48 के समीप स्थित रत्नेश्वर महादेव मठ छौ बावड़ी सगसधाम में मंगलवार को 7 दिवसीय नवकुंडीय महारुद्र यज्ञ पावन महोत्सव का शुभारंभ भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। शोभायात्रा में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया। शोभायात्रा के दौरान महिलाएं सिर पर कलश धारण कर मंगल गीत गाती नजर आईं, वहीं युवक-युवतियां व बुजुर्ग भजन-कीर्तन में लीन रहे। बैंड-बाजों, धार्मिक ध्वजों और आकर्षक झांकियों ने आयोजन की शोभा बढ़ा दी। दुर्गा शक्ति अखाड़ा द्वारा प्रस्तुत किए गए शानदार अखाड़ा प्रदर्शन ने सभी का मन मोह लिया। यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। साध्वी देव गिरी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह महोत्सव 7 अप्रैल से 13 अप्रैल तक आयोजित होगा। इस दौरान नवकुंडीय महायज्ञ, रुद्राभिषेक, शिव परिवार प्राण-प्रतिष्ठा, नानी बाई का मायरा सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के अंतर्गत 10 अप्रैल को गौ माता विवाह एवं रात्रि सांस्कृतिक कार्यक्रम, 11 अप्रैल को भगवान महाकाल की भव्य महाआरती तथा 13 अप्रैल को 51 प्रभात फेरी, नवकुंडीय महायज्ञ पूर्णाहुति एवं दोपहर 2 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर रावत युग प्रदीप सिंह, हर्षदीप सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर क्षेत्र में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

Similar News