खेत को पानी किसान का अधिकार, हक के लिए संघर्ष रहेगा जारी: मोहिनी मोहन मिश्र
लाडपुरा/भीलवाड़ा (शिव लाल जांगिड़)। भारतीय किसान संघ चित्तौड़गढ़ प्रांत के तत्वावधान में रविवार को प्रतापगढ़ कृषि उपज मंडी परिसर में विशाल 'जनजातीय क्षेत्र किसान सम्मेलन' का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन के साथ ही भारतीय किसान संघ की तीन दिवसीय समीक्षा योजना बैठक का भी समापन हुआ। जिला प्रचार प्रमुख श्यामलाल सुथार ने बताया कि इस अवसर पर धूणी चौपाल कर किसानों ने पारंपरिक रीति से सरकार को सुबुद्धि देने की प्रार्थना की। उन्होंने माही और जाखम बांधों का पानी क्षेत्र के सूखे खेतों तक पहुँचाने की मांग की। इस दौरान मंडी पहुंचने पर व्यापारियों ने पुष्प वर्षा कर किसानों का आत्मीय स्वागत किया।
सम्मेलन के मुख्य वक्ता भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र ने अपने संबोधन में कड़े तेवर अपनाते हुए कहा कि किसान सरकार से कोई दान नहीं, बल्कि अपना वाजिब हक मांग रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार अपनी जेब से पानी नहीं देती, यह प्रकृति और जनता का संसाधन है। मिश्र ने कहा, "खेत को पानी पहुंचाना हमारा अधिकार है और अनुभव बताता है कि सरकार की नाक दबाने से ही पानी मिलता है।" उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और उनके संघर्ष पर प्रकाश डालते हुए किसानों को स्वाभिमान के साथ अपनी लड़ाई लड़ने का आह्वान किया।
प्रदेश महामंत्री तुलछाराम सीवर ने किसानों की समस्याओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जिन बुनियादी समस्याओं का समाधान दशकों पूर्व हो जाना चाहिए था, वे आज भी विकट रूप में हमारे सामने खड़ी हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रत्येक खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाना संगठन की मूल मांग है। प्रांत प्रचार प्रमुख आशीष मेहता ने बताया कि तीन दिवसीय समीक्षा बैठक के दौरान संगठन की मजबूती, सदस्यता अभियान और आगामी कार्ययोजना को लेकर गहन मंथन किया गया।
सम्मेलन में अखिल भारतीय जनजातीय कार्य प्रमुख मणिलाल लबाना, सीमा क्षेत्र कार्य प्रमुख कैलाश गैंदोलिया, महिला प्रमुख मंजू दीक्षित, प्रांत अध्यक्ष शंकरलाल नागर, संभाग संरक्षक कर्नल जयराज सिंह, संभाग कार्यवाहक अध्यक्ष सीताराम डांगी, जिला अध्यक्ष गिरिजा शंकर पांचाल, प्रदेश उपाध्यक्ष बद्री लाल जाट और जगदीश कलमंडा सहित हजारों किसान उपस्थित रहे। अंत में किसानों ने धूणी के समक्ष संकल्प लिया कि जब तक माही-जाखम का पानी खेतों तक नहीं पहुँचता, आंदोलन जारी रहेगा।
**भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:**
**समाचार:** प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
**विज्ञापन:** विजय गढवाल 6377364129
**संपर्क कार्यालय:** भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
