आलोली के केमिकल कांड पर कंजर वीर भारतीय सेना का फूटा गुस्सा, 10 लाख मुआवजा और नौकरी की मांग
भीलवाड़ा। जिले की गंगापुर तहसील के ग्राम आलोली (माधोपुरा) में शादी समारोह के दौरान जहरीले केमिकल के सेवन से हुई चार मौतों के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना को लेकर कंजर वीर भारतीय सेना ने कड़ा आक्रोश जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष भागचंद झांझावत के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि शादी समारोह में खाना गर्म करने के लिए लाया गया खतरनाक मेथनॉल कार्बनिक सॉल्ट लापरवाही से खुले में छोड़ दिया गया था। आरोप है कि समारोह में बिना लाइसेंस अवैध शराब पार्टियां भी चल रही थीं। अशिक्षा के कारण समाज के कुछ लोगों ने उसे गलती से पी लिया, जिससे रतन कंजर, सुशीला कंजर, बदामी कंजर और जमनी कंजर की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना में कई अन्य लोग भी गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं। पप्पू कंजर, सन्नू कंजर, ललिता और अनीता कंजर का महात्मा गांधी अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। संगठन ने आशंका जताई कि यदि इनकी हालत बिगड़ती है तो परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो जाएगा।
ज्ञापन में मांग की गई है कि प्रत्येक मृतक के वारिस को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। साथ ही लापरवाही बरतने वाले आयोजकों और अवैध शराब परोसने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर तुरंत गिरफ्तारी की जाए। संगठन ने निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की भी मांग की है ताकि निर्दोषों को न फंसाया जाए और वास्तविक दोषियों को सजा मिल सके।
प्रदेश अध्यक्ष भागचंद झांझावत ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवारों को शीघ्र न्याय और सहायता नहीं मिली तो राजस्थान भर का कंजर समाज उग्र आंदोलन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान एडवोकेट भोलू राम झांझावत, एडवोकेट रविन्द्र नानावत, एडवोकेट प्रकाश कंजर, एडवोकेट विकास कंजर, महावीर कंजर, सोनू कंजर सहित समाज के कई प्रतिनिधि मौजूद रहे।
