खारी बांध की नहरों के लिए 10 करोड़ स्वीकृत, जिंक में स्थानीय युवाओं को रोजगार की मांग
आसींद। आसींद-हुरड़ा विधायक जब्बर सिंह सांखला ने रविवार को अपने निवास स्थान पर क्षेत्र के लोगों की जनसुनवाई की। इस दौरान विधायक ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और विधानसभा सत्र के दौरान क्षेत्र के विकास के लिए उठाए गए महत्वपूर्ण कदमों की जानकारी साझा की।
नहरों का होगा जीर्णोद्धार, टेल तक पहुंचेगा पानी
विधायक सांखला ने बताया कि क्षेत्र के किसानों की सबसे बड़ी समस्या खारी बांध की नहरों की जर्जर हालत थी। इसके समाधान के लिए उनके प्रयासों से 10 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। इस राशि से नहरों की मरम्मत और जीर्णोद्धार किया जाएगा, जिससे पानी अंतिम छोर (टेल) तक पहुंच सकेगा और किसानों को सिंचाई में राहत मिलेगी।
हिंदुस्तान जिंक में स्थानीय युवाओं को मिले प्राथमिकता
क्षेत्र में बेरोजगारी के मुद्दे पर विधायक ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि आगूचा स्थित हिंदुस्तान जिंक प्लांट में स्थानीय युवाओं को पर्याप्त रोजगार नहीं मिल रहा है। उन्होंने जिंक प्रबंधन पर अनियमितता का आरोप लगाते हुए मांग की है कि प्लांट में स्थानीय प्रतिभाओं को प्राथमिकता दी जाए और प्रबंधन की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच हो।
बदनोर को नगरपालिका और रोडवेज बसों के संचालन पर जोर
विधायक ने विधानसभा क्षेत्र के विकास हेतु निम्नलिखित प्रमुख प्रस्तावों पर भी चर्चा की:
बदनोर: कस्बे को नगरपालिका बनाने, सीओ (CO) ऑफिस खोलने और भोजपुरा फीडर के लिए बजट की मांग।
कानून व्यवस्था: क्षेत्र के थानों और चौकियों में पुलिस जाब्ता (नफरी) बढ़ाने की पहल ताकि अपराधों पर अंकुश लगे।
परिवहन: कस्बे में लंबी दूरी की रोडवेज बसों के संचालन के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर जल्द समाधान का आश्वासन।
