भादसोड़ा कस्बे के सुथारिया खेड़ा में रविवार को आत्मा योजना के अन्तर्गत कैफेटेरिया गतिविधि बी-14 फार्म स्कूल परीक्षण एवं किसान संगोष्ठी का आयोजन हुआ। प्रशिक्षण में बीटीटी प्रभारी गोपाललाल धाकड़ ने किसानों को गेहूं की विभिन्न उन्नत किस्मो, कीटरोग प्रबंधन एवं क्रांतिक अवस्था में सिंचाई के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। किसान संगोष्ठी में कृषि पर्यवेक्षक प्रशांत मीणा ने विभागीय योजनाएं जैसे खेतों की तारबंदी, सिंचाई पाईप लाईन, फव्वारा सेट, कृषि यंत्र, फार्म पौंड आदि योजनाओं के बारे में बताया। आत्मा योजना में सम्मानित प्रगतिशील किसान कैलाशचंद्र सुथार ने आत्मा योजना अंतर्गत उन्नत कृषि करने वाले किसानों को पुरस्कार से संबंधित जानकारी दी। इस अवसर पर औंकारलाल सुथार, नाहर सिंह, मोहनलाल सुथार, राधे सुथार, रामेश्वरलाल जाट, अमरचंद सुथार, हिम्मत सिंह, कमलेश जाट, भैरूलाल जाट आदि काश्तकार मौजूद थे।