भारत विकास परिषद के साप्ताहिक चिकित्सा एवं दवा वितरण शिविर में रोगियों ने लिया लाभ
भीलवाड़ा । भारत विकास परिषद की स्वामी विवेकानंद शाखा द्वारा रविवार को परिषद भवन पर चिकित्सा एवं दवा वितरण सहित विभिन्न सेवा प्रकल्पों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शाखा सचिव केजी सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि परिषद द्वारा जनहित में सेवा कार्यों की श्रृंखला को जारी रखते हुए प्रातः काल योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें आए संभागियों को काढ़ा वितरण किया गया। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत आज कुल 57 पैकेट डायबिटिक दवाओं का वितरण हुआ तथा 49 व्यक्तियों के ब्लड प्रेशर एवं शुगर की निशुल्क जाँच की गई। फिजियोथैरिपी क्लीनिक में डॉक्टर वर्षा काबरा द्वारा दी जा रही सेवाओं के माध्यम से 21 फरवरी तक कुल 87 रोगियों को उपचार प्रदान किया जा चुका है। इन सभी सेवा कार्यों में परिषद सदस्य जगदीश नाराणीवाल, जगदीश काबरा, अतुल शाह एवं बलवंत लड्ढा का विशेष सहयोग रहा। परिषद के विस्तार की कड़ी में महेंद्र कुमार अग्रवाल एवं सरोज अग्रवाल ने नए सदस्य के रूप में कार्यभार संभाला, जिनका परिषद परिवार द्वारा हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इसी के साथ शाखा की कुल सदस्य संख्या अब बढ़कर 136 हो गई है। सेवा प्रकल्प के तहत शाखा द्वारा वर्तमान में 5 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मशीनों में से 3 मशीनें एवं 1 व्हीलचेयर निशुल्क उपचार हेतु रोगियों को प्रदान की हुई है। इसके साथ ही मेडिकल उपकरण बैंक के माध्यम से तीन फोल्डिंग बेड, दो व्हीलचेयर, एक नेबुलाइजर एवं एक फेलगम सक्शन मशीन भी जरूरतमंद रोगियों के लिए निशुल्क उपलब्ध करवाई गई है।